गाजियाबाद में ममता हुई शर्मसार: मां बोली परेशान करती थी इसलिए बच्ची का घोंट दिया गला, ड्यूटी से लौटे पिता ने देखा दर्दनाक मंजर

-पूछताछ में टूट गई सौतेली मां, बोली – ‘परेशान करती थी इसलिए मार दिया’ 

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले के वेव सिटी क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सौतेली मां ने अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। मासूम की मौत की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले के अनुसार, मृतक बच्ची के ताऊ अमित कुमार पुत्र रनवीर सिंह निवासी ग्राम सोफा खैर, जनपद अलीगढ़ ने वेव सिटी थाने में अपने छोटे भाई की दूसरी पत्नी ज्योति के खिलाफ हत्या की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि अमित का छोटा भाई नितेश गाजियाबाद के वेव सिटी क्षेत्र में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्य करता है और अपने परिवार के साथ फ्लैट नंबर 316, ब्लॉक-1, ईडब्ल्यूएस आवास में रह रहा था। जानकारी के अनुसार नितेश की पहली शादी विनेश नामक महिला से हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे -चार वर्षीय दर्श और तीन वर्षीय वंशिका हैं। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद पहली पत्नी मायके में रहने लगी। इसके बाद नितेश ने ज्योति से दूसरी शादी कर ली और वह उसके साथ रहने लगा। दूसरी पत्नी ज्योति से दो माह की एक बेटी अनन्या भी है।

घटना 16 मई शनिवार की बताई जा रही है। उस दिन दोपहर करीब 2:30 बजे नितेश अपनी ड्यूटी पर चला गया था। घर पर उसकी दूसरी पत्नी ज्योति और तीनों बच्चे मौजूद थे। शाम करीब 8 बजे जब नितेश ड्यूटी से लौटकर घर पहुंचा तो उसने देखा कि उसकी तीन वर्षीय बेटी वंशिका अचेत अवस्था में पड़ी हुई है। बच्ची को देखकर वह घबरा गया और पत्नी से पूछताछ की, लेकिन ज्योति कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी। स्थिति संदिग्ध लगने पर नितेश ने अपने बड़े भाई अमित को फोन कर मौके पर बुलाया। परिवार द्वारा सख्ती से पूछताछ किए जाने पर आरोपी महिला ज्योति टूट गई और रोते हुए अपना अपराध स्वीकार कर लिया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने बताया कि बच्ची उसे बार-बार परेशान करती थी, जिससे गुस्से में आकर उसने उसका गला दबा दिया। घटना की सूचना तुरंत वेव सिटी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मासूम के शव को कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए एमएमजी अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

प्रियाश्री पाल ने बताया कि मृत बच्ची के ताऊ की तहरीर के आधार पर आरोपी सौतेली मां ज्योति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पड़ोसियों के अनुसार बच्ची बेहद मासूम और चंचल स्वभाव की थी। किसी ने भी कल्पना नहीं की थी कि घर के भीतर ही इतनी भयावह घटना घट जाएगी। इस हृदयविदारक घटना ने समाज को झकझोरते हुए यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव का सबसे बड़ा खामियाजा आखिर मासूम बच्चों को क्यों भुगतना पड़ता है।