संकट में दीपिका पादुकोण की मैनेजर करिश्मा

ड्रग्स केस में जांच, फिर पहुंची एनसीबी दफ्तर

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की मैनेजर करिश्मा प्रकाश की मुश्किलें कम नहीं हो सकी हैं। ड्रग्स केस की जांच के सिलसिले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने करिश्मा प्रकाश को फिर पूछताछ के लिए तलब किया है। वह एनसीबी के कार्यालय पहुंच गई हैं। वहां उन्हें विभिन्न सवालों का जवाब देना है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में बॉलीवुड के ड्रग कनेक्शन से जुड़े सवाल पूछने को करिश्मा प्रकाश को बुलाया है। वह काफी समय से गायब चल रही थीं। अब आखिरकार उन्हें एनसीबी कार्यालय आना पड़ा है। कुछ दिन पहले एनसीबी की टीम ने करिश्मा के घर छापा मारा था। ऐसे में वहां से हशीश बरामद की गई थी। इसके बाद एनसीबी ने करिश्मा को 2 बार समन भेजा था। सूत्रों का कहना है कि केस नंबर 15/20 में दीपिका पादुकोण और करिश्मा प्रकाश को आमने-सामने बैठाकर चैट दिखा कर पूछताछ की गई थी। समझा जाता है कि करिश्मा ने चैट के विषय में झूठा जवाब दिया था। करिश्मा ने एनसीबी को बताया था कि चैट में वीड का मतलब इंडियन सिगरेट, हशीश मतलब तम्बाकू की सिगरेट से था। दीपिका ने भी माल के बारे में पूछे जाने पर गोल-मोल जवाब दिया था। हालांकि एनसीबी दोनों के उत्तर से संतुष्ट नहीं थी। एनसीबी की टीम ने अदालत में कहा था कि करिश्मा को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। कोर्ट में करिश्मा के वकील ने कहा कि वह एनसीबी के समक्ष पेश होने को राजी हैं। वह अपना बयान भी दर्ज कराएंगी। उधर, करिश्मा के घर से हशीश बरामद होने होने के बाद उनकी परेशानी बढऩा तय है। अब करिश्मा के लिए एनसीबी के सवालों से बचना मुश्किल होगा। बता दें कि करिश्मा प्रकाश ने क्वान टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी को भी छोड़ दिया है।