महापौर व नगर आयुक्त ने 198 कर्मचारियों को दी वर्दी

-हम सब एक परिवार है, संस्था को आगे बढ़ाना एवं शहर स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य: महापौर

गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में शनिवार को वर्दी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें 198 सामान्य वर्ग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वर्दी दी गई। महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने उपस्थित सभी कर्मचारियों से उनका हालचाल जाना। साथ ही उनको निगम हित में बेहतर कार्य करने के लिए उत्साहित किया। महापौर एवं नगर आयुक्त ने समस्त उपस्थित कर्मचारियों से वार्ता की उनके कार्य पटल के बारे में भी जानकारी ली, उपस्थित सामान्य वर्ग के कर्मचारियों में से कई कर्मचारियों ने अपने कुछ सवाल भी महापौर तथा नगर आयुक्त महोदय से किए, जिनको सुनकर जवाब दिया गया।

मौके पर नगर निगम यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिनके सहयोग से 181 पुरुष तथा 17 महिला कर्मचारियों को वर्दी का वितरण किया गया। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि यह शहर हम सभी का है। कोई आएगा कोई जाएगा, लेकिन पहचान केवल इतिहास बनाने वाली की बनती है। आप सभी कर्मचारी हमारे परिवार का हिस्सा हैं। आपको कभी भी कोई समस्या हो तो मुझे तुरंत बताएं और इसी प्रकार सब साथ मिलकर आने वाले समय मे शहर की अलग पहचान बनाएंगे।

नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने कहा नगर निगम का हरेक अधिकारी एवं कर्मचारी एक परिवार की तरह है। शहर के विकास और उसके सौंदर्यीकरण को बढ़ाने के लिए एक परिवार की तरह ही साथ चलकर कार्य करना है। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में आपका योगदान अमूल्य है। बिना आपके सहयोग के कोई भी कार्य सार्थक साबित नहीं हो सकता है। जब भी कोई समस्या हो तो आप मुझसे मिल सकते है। यह वर्दी ही आपकी और हमारी पहचान है। जिसे आप सभी पहनकर अपने कार्यों को कर सकेंगे। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव मौके पर उपस्थित रहे। 181 पुरुष तथा 17 महिला कर्मचारियों को वर्दी का वितरण किया गया।