महापौर ने घंटाघर टैक्सी स्टैंड पर बन रही दुकानों को कराया ध्वस्त

-अवैध रूप से कब्जा करने और अतिक्रमण करने वालों को दी कार्रवाई की चेतावनी

गाजियाबाद। शहर में पुरानी घंटाघर टैक्सी स्टैंड पर नगर निगम की भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा कर दुकान बनाकर कब्जा किए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई। शनिवार को महापौर सुनीता दयाल ने मौके पर पहुंचकर पार्षद राजीव शर्मा, पार्षद नीरज गोयल, सिटी जोनल प्रभारी व टीम की मौजूदगी में अवैध रूप से बनाई गई दुकानों को बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करा दिया। महापौर सुनीता दयाल को जब सूचना मिली तो वह लखनऊ जाने के लिए रास्ते में थी। लखनऊ से वापस आने के बाद शनिवार को महापौर अवैध दुकान पर कार्रवाई कराने के लिए मौके पर पहुंची। महापौर के पहुंचने पर कब्जा करने वाले लोग भाग गए।

महापौर ने नगर निगम की टीम को मौके पर बुलाया और स्वयं मौके पर खड़े होकर अवैध दुकानों को ध्वस्त कराया। महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने और अतिक्रमण करने वालों की जानकारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। अवैध दुकान बनाए जाने की जानकारी करने पर महापौर को पता चला कि कोई महिला अपने पति और परिवार के साथ यह कार्य जोरशोर से करा रही थी। पार्षदों और नगर निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंंचकर दुकानों को ध्वस्त कराया। गाजियाबाद नगर निगम की एक इंच भूमि भी घेरने नहीं दी जाएगी। इसके लिए मुझे कभी भी मौके पर जाकर खड़ा होना पड़ा तो मैं मौके पर जाऊंगी।