महापौर ने अधिकारियों संग किया 5 तालाबोंं का निरीक्षण

-गांवों के बदहाल 5 तालाबों का कराया जाएगा सौंदर्यीकरण: सुनीता दयाल

गाजियाबाद। नगर निगम सीमा क्षेत्र में गांवों के तालाबों का सौंदर्यीकरण कराए जाने को लेकर महापौर सुनीता दयाल ने शनिवार को निगम अधिकारियों के साथ 5 तालाबोंं का निरीक्षण किया। महापौर ने कहा कि गांवों के बदहाल इन पांच तालाबों का सौंदर्यीकरण कराने का काम कराया जाएगा। शनिवार को महापौर सुनीता दयाल ने निगम के जलकल विभाग के सहायक अभियंता आस कुमार, अवर अभियंता अजय कुमार सिंह, मनोज चौधरी के साथ गांव रईसपुर, सिकरोड़, मैनापुर, सदरपुर एवं महरौली के तालाबों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इनमें अधिकांश तालाब की स्थिति ठीक नहीं है। इनके सौंदर्यीकरण की आवश्यकता है। महापौर ने कहा कि तालाबों का सौंदर्यीकरण होने पर शहर का जलस्तर भी बढ़ेगा। नई कॉलोनियों में जल निकासी की भी बहुत समस्या है।

तालाब में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ओवरफ्लो होकर कॉलोनियों में ही जलभराव होता है। इसकी लगातार शिकायत मिल रही है। महापौर ने कहा कि उक्त तालाबों के सौंदर्यीकरण की बहुत आवश्यकता है। इससे भूजल स्तर बढऩे के साथ-साथ नई कॉलोनी की भी समस्या खत्म होगी। इनका सौंदर्यीकरण के बाद मछली इनमें डाली जाएंगी। उसमें कमल लगाए जाएंगे। नाले के माध्यम से जल निकासी की व्यवस्था भी की जाएगी। यह सभी तालाब लगभग 5 बीघा जमीन से अधिक पर है। जबकि सदरपुर गांव का तालाब 35 से 40 बीघा जमीन पर है।इनकी पैमाइश कराकर सौंदर्यीकरण कराया जाना है। लोकसभा चुनाव के बाद इनका सौंदर्यीकरण कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।