जल भराव की शिकायत पर महापौर ने अधिकारियों संग किया निरीक्षण

-डेरी संचालकों को 3 दिन का दिया समय, हटाए पशु अन्यथा होगी कार्यवाही: सुनीता दयाल

गाजियाबाद। नगर निगम के विजयनगर जोन क्षेत्र के वार्ड-2 स्थित राहुल विहार में एनएचएआई द्वारा नाले का निर्माण किए जाने के बाद राहुल विहार में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। शनिवार को शिकायत पर महापौर सुनीता दयाल निगम अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया। महापौर ने मौके पर ही एनएचएआई के परियोजना निदेशक से फोन पर बात करते हुए जलभराव की समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। महापौर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह,उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, सहायक अभियंता देवी सिंह, अवर अभियंता एसके सरोज, पार्षद आदि के साथ मौके पर जाकर स्थिति को देखा। महापौर को अवगत कराया कि पूर्व में नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा नाले का निर्माण किया गया था।

नाले के निर्माण में अनियमितता की गई।नाला निर्माण के समय शटरिंग का सामान नहीं निकाला गया। नाला पक्का होने से कई जगह पानी की निकासी नहीं हो रही हैं। इससे राहुल विहार में जलभराव हो रहा हैं।नाले को दूसरी तरफ ऊंचा कर दिया गया। इससे सर्वोदय नगर में पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। महापौर ने मौके पर देखने के बाद स्थानीय पार्षद एवं वहां के लोगों से बात की। महापौर ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक से फोन पर वार्ता कर समस्या से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का निस्तारण किया जाए। वहां पर डेयरी का संचालन होता पाया। महापौर ने डेयरी संचालकों को तीन दिन का समय देते हुए कहा कि यहां से पशु हटा लें अन्यथा कठोर कार्रवाई करते हुए पशुओं को जब्त किया जाएगा। इसके अलावा महापौर ने मौके पर देखा कि नाले की गहराई लगभग 20 फीट है। इसे लोगों ने पाट रखा है। नाले में कूड़ा-कचरा डाला जा रहा है। उन्होंने लोगों से नाले में कूड़ा न डालने की अपील की।नाले में कूड़ा न डाला जाए।