महेंद्रा एन्क्लेव में नाली निर्माण का महापौर ने किया शिलान्यास

गाजियाबाद। शहर में नाले-नालियों की व्यवस्था ठीक हो। इसी क्रम में नगर निगम द्वारा नाले व नालियों का निर्माण कराया जा रहा है। मंगलवार को महापौर सुनीता दयाल ने वार्ड-47 शास्त्रीनगर के पार्षद अमित त्यागी, मंडल अध्यक्ष राहुल तोमर, पूर्व मंडल अध्यक्ष दुष्यंत पुंडीर, निर्माण विभाग के सहायक अभियंता श्याम सिंह, अवर अभियंता राजेन्द्र सिंह आदि की मौजूदगी में नारियल फोड़कर महेंद्रा एन्क्लेव में नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। नगर निगम द्वारा 19 लाख रुपए की लागत से इस नाली के निर्माण का कार्य किया जाएगा। इससे शास्त्री नगर कार्टे चौक महेंद्रा एन्क्लेव से जान्हवी ब्यूटी पार्लर से कमल मंदिर तक और मैक्स मेडिकल स्टोर से कार्टे चौक तक आरसीसी नाली का निर्माण होगा। इसका निर्माण होने से आसपास में जल निकासी पहले से बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। पार्षद कोटे से नाली का निर्माण किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि वार्ड में जल निकासी की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर होनी चाहिए। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होती है। जबकि सड़क का निर्माण कार्य पहले हो जाता है। इस वजह से बारिश में जलभराव की समस्या होती हैं। सड़क टूटने से पैसे का नुकसान होता है। पार्षदों को सबसे पहले जल निकासी की व्यवस्था करने पर नीति बनानी चाहिए। उसके बाद सड़कों के निर्माण कराए जाए। महापौर ने निर्माण विभाग के इंजीनियरों को निर्देश दिए कि नाली के ढलान की निगरानी समय-समय पर की जानी चाहिए। ताकि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। इसमें कोई समस्या आई तो जिम्मेदारी होगी। निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।