गाजियाबाद में 3.90 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का महापौर ने किया शिलान्यास

– निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का पूर्ण रूप से रखे ध्यान: सुनीता दयाल

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में कराए जा रहे विकास कार्यों के चलते कविनगर जोन क्षेत्र के वार्डों में 3.90 करोड़ रुपए से सड़कों एवं नाली के निर्माण कार्य किए जाएंगे। विदेश से लौटने के बाद शनिवार को महापौर सुनीता दयाल ने कविनगर जोन क्षेत्र के वार्डों में कराए जाने वाले 3.90 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। महापौर ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का पूर्ण रूप से ध्यान रखे। नगर निगम का मूल कार्य लोगों को सुगम सड़क व ड्रेनेज की सुविधा देना है। महापौर ने निगम के अवर अभियंता राजेंद्र कुमार सिंह, पार्षद शिवम शर्मा,पार्षद अमित त्यागी, पार्षद अमित डबास, पार्षद मनोज त्यागी, पार्षद पवन कुमार आदि की मौजूदगी में विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इसके तहत कविनगर जोन क्षेत्र के वार्ड-91 कविनगर केडी-16 से डी-1 तक सड़क निर्माण, वार्ड-47 शास्त्री नगर सेंट मेरी स्कूल से हापुड़ रोड तक, वार्ड-47 महेंद्रा एन्क्लेव में ए ब्लॉक में सड़क निर्माण, वार्ड-62  जे ब्लॉक की आंतरिक सड़क व डी ब्लॉक गली नंबरा-13 सड़क, वार्ड-56 अवंतिका प्रथम गेट नंबर-1 सड़क एवं वार्ड-24 मार्शल महल से एनएच-9 तक नाला निर्माण व महरौली गांव में एनएच-9 से भालू की दुकान ओमदत्त के मकान तक नाली व सड़क निर्माण के कार्यों का शिलान्यास किया गया।

महापौर ने बताया कि यह विकास कार्य 15वें वित्त आयोग एवं नगर निगम निधि और पार्षद कोटे से कराए गए है। महापौर ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि नाली, सड़क एवं नाले के निर्माण में सामग्री की समय-समय पर जांच होनी चाहिए। इसमें किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। महापौर ने उपस्थित लोगों को बताया कि पार्षद लगातार सड़क,नाली व नाले के निर्माण के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। कई साल से यह सड़क व नाला निर्माण कार्य लंबित था। इन कार्यों का शिलान्यास किए जाने पर महापौर और पार्षदों का स्थानीय लोगों ने धन्यवाद प्रकट किया।