महापौर ने 3.80 करोड़ की पानी आपूर्ति लाइन का किया शिलान्यास

गाजियाबाद। पानी की समस्या से जूझ रहे मोहन नगर जोन क्षेत्र के लोगों को आने वाले दिनों में भरपूर पानी की आपूर्ति हो सकेगी। बुधवार को महापौर सुनीता दयाल ने 3.80 करोड़ रुपए की लागत से पेयजल आपूर्ति के लिए डाली जाने वाली पाइप लाइन का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। महापौर ने कहा कि शहर में पेयजल आपूर्ति कराना नगर निगम का मूल कार्य है। इससे हर-घर पानी पहुंचेगा। पेयजल आपूर्ति के कार्य में कोई भी शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई के साथ भरपाई होगी। महापौर ने  मोहन नगर जोन क्षेत्र के दो वार्डों में पेयजल आपूर्ति की दिक्कत होने की शिकायत मिलने के बाद 15वें वित्त आयोग के फंड से यह कार्य पास कराया। नगर निगम के वार्ड-82 शहीद नगर में विभिन्न स्थानों पर 110,160,200 एमएम की 5000 मीटर की एचडीपीई पेयजल आपूर्ति लाइन डाली जाएगी।

इसकी लागत 1.62 करोड़ और वार्ड-10 डीएलएफ  कॉलोनी में विभिन्न स्थानों पर करीब 7000 मीटर लंबी पेयजल आपूर्ति लाइन 2.20 करोड़ रुपए में डाली जाएगी। महापौर से मिलकर पार्षदों ने यहां पर पानी की समस्या बताई थी। यहां पर करीब 15 साल पहले पानी की लाइन डाली गई थी। जो टूट गई। नगर निगम की पानी की लाइनों से यह कार्य होने के बाद घर-घर पानी पहुंचेगा। इससे हजारों लोगों को पेयजल सुविधा मिलेगी। महापौर ने वार्ड-16 गढ़ी सिकरोड़ गांव में करीब 27 लाख रुपए की लागत से नाली व इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के कार्य का भी नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। दोनों गांवों में पानी निकासी की बड़ी समस्या थी। महापौर ने यहां पर कार्य शुरू करा दिया। गांव के अन्य कार्यों का भी समाधान निकाले जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान पार्षद रेखा गोस्वामी, पार्षद किरण देवी, पार्षद नीलम, पार्षद रवि भाटी, पूर्व पार्षद सरदार सिंह भाटी, कालीचरण पहलवान, राजीव डागर, संजय कौशिक, मनवीर फौजी, राकेश जैन, मोहननगर जोनल प्रभारी आरपी सिंह,सहायक अभियंता ओम प्रकाश,अवर अभियंता सोमेंद्र तोमर आदि उपस्थित रहे।

गढ़ी सिकरोड़ के तालाबों को कब्जा मुक्त होगा सौंदर्यीकरण:
महापौर सुनीता दयाल ने बुधवार को गढ़ी सिकरोड़ गांव के तीन तालाबों का औचक निरीक्षण किया। तालाबों पर अतिक्रमण किए जाने के साथ कब्जा व गंदगी मिली। महापौर ने गांव वालों को आश्वासन दिया कि इस जल्द सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। नगर निगम के वार्ड-16 के गांव गढ़ी सिकरोड़ में जल निगम की लापरवाही से पानी की टंकी, ट्यूबवेल,पानी की लाइन खराब हो रही हैं। महापौर से कुछ समय पहले गांव गढ़ी सिकरोड़ के लोग तालाबों पर कब्जे और सड़क की समस्या को लेकर मिले थे। महापौर बुधवार को पार्षद नीलम, कविनगर जोनल प्रभारी राजवीर सिंह, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ गौतम, अवर अभियंता राजेंद्र कुमार सिंह, लेखपाल के साथ मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान मौके पर दो तालाब गाद से अटे मिले। इनमें घास, जलकुंभी मिली।

जबकि एक तालाब पर कब्जा कर लोगों ने घर बना लिए हैं। करीब 1800 वर्गमीटर जमीन पर बने तालाब पर कब्जा कर लिया गया। महापौर ने मौके पर दोनों तालाबों के सौंदर्यीकरण कराने और एक तालाब की पैमाईश कराने के निर्देश दिए। महापौर को गांव के लोगों ने बताया कि जल निगम द्वारा पानी की टंकी, पानी की लाइन, ट्यूबवैल लगाई थी। लेकिन यह अभी तक चालू नहीं होने से खराब होने लगी हंै।महापौर ने गांव वासियों को आश्वासन दिया कि जल निगम के अधिकारियों से वार्ता कर कार्रवाई की जाएगी।प्रदेश सरकार की योजना है। इसका पैसा बेकार नहीं जाने दिया जाएगा।