-नगर निगम की भूमि पर चिन्हांकन, शुरू होगा बाउंड्री वॉल का निर्माण
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम अधिकारियों के साथ शनिवार को कैला भट्टा स्थित मरकज मस्जिद के पास नगर निगम की 5500 वर्गमीटर भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने नपाई कर भूमि की बाउंड्री के लिए चिन्हांकन किया और आगामी निर्माण कार्य की रूपरेखा की समीक्षा की। इस भूमि को पूर्व में महापौर की उपस्थिति में हाजी खलील के कब्जे से मुक्त कराया गया था। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि नगर निगम अब इस भूमि पर स्थानीय लोगों के व्यापार को बढ़ावा देने हेतु लगभग 15 दुकानों का निर्माण करा रहा है। इन दुकानों का लाभ केवल स्थानीय व्यापारियों को मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। इसके अलावा, खाली पड़ी भूमि पर बाउंड्री वाल का निर्माण कर स्थानीय लोगों के उपयोग हेतु बैंकेट होल भी बनाया जाएगा।
महापौर ने स्पष्ट किया कि मस्जिद के लिए रास्ता और वजूखाना भी सुनिश्चित किया गया है, ताकि मुस्लिम समाज की आस्था का पूरा ध्यान रखा जा सके। महापौर ने कहा कि हमारा प्रयास है कि नगर निगम की भूमि का विकास स्थानीय लोगों के हित में और उनकी सुविधा के अनुसार हो। मस्जिद की प्राथमिकता और आस्था का पूरा ध्यान रखते हुए निर्माण कार्य किया जाएगा। इससे समुदाय को भी लाभ मिलेगा और स्थानीय व्यापारियों के लिए नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने बताया कि भूमि पर कुछ लोग दोबारा कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे, जिसके कारण बाउंड्री का निर्माण आवश्यक हो गया। निर्माण कार्य से न केवल भूमि सुरक्षित होगी, बल्कि स्थानीय लोगों को साफ और व्यवस्थित स्थान भी उपलब्ध होगा। इस दौरान मुख्य अभियंता एन. के. चौधरी, संपत्ति अधिकारी पल्लवी सिंह, जोनल प्रभारी आर. पी. सिंह, अवर अभियंता सुनील, कानूनगो/लेखपाल कौशिक जी और परिवर्तन दल भी उपस्थित रहे। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। महापौर ने कहा कि इस भूमि पर 15 दुकानों के निर्माण और बाउंड्री कार्य के पूरा होने के बाद स्थानीय समाज को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी।
विशेष रूप से स्थानीय मुस्लिम समाज के लोग अपने सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक जगह का लाभ उठा सकेंगे। नगर निगम की इस पहल से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो और सभी निर्माण कार्य नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से किए जाएं। इस परियोजना के पूरा होने के बाद कैला भट्टा क्षेत्र के लोग न केवल धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए सुविधाजनक स्थान पाएंगे, बल्कि स्थानीय व्यवसायों और व्यापार के लिए भी नई राह खुलेगी।
















