-जनता ने किया स्वागत, कहा-शहर में दिख रहा विकास का नया अध्याय
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की विकास गति को और तेज करने के लिए बुधवार को महापौर सुनीता दयाल ने ट्रांस हिण्डन क्षेत्र एवं कविनगर जोन में लगभग पाँच करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय जनता ने महापौर का भव्य स्वागत किया और उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और यह शहर में विकास का नया अध्याय खोलेगा। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम का प्राथमिक दायित्व नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना है। सड़क, नाली, जल निकासी जैसी सुविधाएं जनता का अधिकार हैं और इन्हें सुचारू रूप से उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जिन सड़कों की आज आधारशिला रखी गई है, वे लंबे समय से खराब हालत में थीं और बरसात के दौरान जनता को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था। अब इन सड़कों का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाएगा, ताकि नागरिकों को सुगम यातायात की सुविधा प्राप्त हो।
महापौर ने कहा कि गाजियाबाद में विकास की गाड़ी भाजपा सरकार के दौरान लगातार आगे बढ़ रही है और भविष्य में भी यही गति जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और यदि नागरिकों को किसी प्रकार की समस्या दिखे तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें ताकि समय पर कार्रवाई हो सके। उन्होंने बताया कि यह सभी कार्य 15वें वित्त आयोग की धनराशि से स्वीकृत किए गए हैं और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
कविनगर, वसुंधरा, सूर्य नगर, राजेन्द्र नगर और मोहन नगर में सड़कों का पुनर्निर्माण
शिलान्यास कार्यक्रम के अंतर्गत कविनगर आई ब्लॉक की आंतरिक सड़कों का निर्माण, वसुंधरा जोन कार्यालय के सामने से एटलेन्टा अस्पताल तक सड़क निर्माण, सूर्य नगर में बी-207 से बी-147 और दिल्ली गेट तक सड़क व इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का कार्य, राजेन्द्र नगर सेक्टर दो के अटल चौक के आसपास की सड़कें और मोहन नगर मंदिर के सामने सड़क का पुनर्निर्माण शामिल है। इन कार्यों पर कुल लगभग पांच करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। शिलान्यास के दौरान पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का माहौल था। स्थानीय निवासी और पार्षद इस पहल का स्वागत करते हुए कह रहे थे कि इन सड़कों के बनने से क्षेत्र की सूरत और जीवनस्तर में सुधार आएगा।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिमा शर्मा, शशि खेमका, राहुल शर्मा, राजू शर्मा, वाई.के. जैन, सुभाष बंसल, संतोष कुमार, एम.एल. गर्ग, प्रवीण गर्ग, पारुल अग्रवाल, मनोज बोहरा, भूषण सिंह चौहान (मंडल अध्यक्ष), भूपेंद्र सिंह, पुरुषोत्तम सिंह लोधी, चंद्रकांत गुप्त, बबलू पांडे, राजकुमार गोस्वामी, संजय कुमार और सुनील बंसल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। महापौर सुनीता दयाल ने अंत में कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के आधार पर वह शहर के विकास को नई ऊँचाई तक ले जाने का काम लगातार करती रहेंगी।

















