महापौर सुनीता दयाल ने किए 8 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

-पिंक शौचालय से महिलाओं को मिलेगा स्वच्छता और सम्मान
-सीवर-नाला-सड़क निर्माण से बुनियादी समस्याओं का होगा समाधान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम की महापौर सुनीता दयाल ने शहरवासियों को बुधवार को बड़ी सौगात दी है। शहर के अलग-अलग वार्डों में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले सीवर, सड़क, नाले और पिंक शौचालय जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण महापौर के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम न केवल विकास का प्रतीक बना, बल्कि यह भी दर्शाता है कि नगर निगम शहर की आधारभूत जरूरतों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने में जुटा हुआ है। शहर के वार्ड 12 में कस्सावन मोहल्ला और डासना गेट से मालीवाड़ा चौक तक सीवर लाइन डालने और सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की गई, जिसकी अनुमानित लागत 4 करोड़ 75 लाख रुपये है। इसी प्रकार वार्ड 22 और 39 में भाटिया मोड़ से गुलमोहर गार्डन तक आरसीसी नाला निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई, जिसकी लागत करीब 1 करोड़ 73 लाख रुपये है। वार्ड 36 के अंतर्गत प्रहलादगढ़ी गांव के मुख्य मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण कार्य भी शुरू किया गया, जिसकी लागत लगभग 1 करोड़ 54 लाख रुपये है।

वर्षों से लंबित इन कार्यों की शुरुआत से स्थानीय निवासियों में खुशी की लहर है। वहीं, महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए वार्ड 15 विजय नगर प्रताप विहार पिंक बूथ के पास आधुनिक पिंक शौचालय का लोकार्पण भी किया गया। इस पिंक शौचालय में महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड की 5 रुपये में उपलब्धता, फीडिंग रूम और स्नानघर जैसी विशेष सुविधाएं होंगी। इसकी देखरेख के लिए महिला स्टाफ की तैनाती की जाएगी, ताकि यह स्थान स्वच्छता, सुविधा और सुरक्षा का आदर्श केंद्र बन सके। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि यह सभी कार्य जनता की वर्षों से लंबित मांगों के आधार पर चुने गए हैं। उन्होंने बताया कि पार्षदों और स्थानीय निवासियों की ओर से बार-बार इन समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया जा रहा था, जिन्हें अब प्राथमिकता पर लेते हुए नगर निगम ने 15वें वित्त आयोग की धनराशि से बजट पास कराकर कार्यों की शुरुआत कर दी है।

महापौर ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को यह स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक कार्य समयबद्ध व पारदर्शी ढंग से पूरा किया जाए। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पार्षद पूनम सिंह, प्रतिमा शर्मा, विनीत दत्त, उदित मोहन गर्ग, प्रवीण कुमार, राजू शर्मा, महेश शर्मा, पूर्व पार्षद सत्यप्रकाश, मंडल अध्यक्ष हेमराज माहौर, अभिषेक शर्मा और क्षेत्र की पुलिस निरीक्षक राजकुमारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। सभी ने मिलकर इन विकास कार्यों का स्वागत किया और महापौर के नेतृत्व में हो रहे सकारात्मक बदलाव की सराहना की। प्रहलादगढ़ी गांव में जहां बीते 15 वर्षों से सड़क की मांग की जा रही थी, अब वह सपना साकार होने जा रहा है।

साथ ही कस्सावन मोहल्ला और आसपास के क्षेत्रों में पुरानी सीवर लाइन की वजह से आए दिन जलभराव की स्थिति बनी रहती थी, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नए सीवर लाइन के निर्माण से यह समस्या दूर होगी। भाटिया मोड़ का नाला लंबे समय से कच्चा था, जिसके कारण बरसात में जलभराव आम बात थी। अब इस नाले के पक्के निर्माण से जल निकासी की समस्या से स्थायी निजात मिल सकेगी। महापौर ने कहा कि आने वाले दिनों में शहर के और भी क्षेत्रों में इसी प्रकार के विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। नगर निगम की प्राथमिकता है कि गाजियाबाद को एक स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुविधाजनक शहर बनाया जाए, जहां प्रत्येक नागरिक को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और कोई भी समस्या लम्बे समय तक न रहे।