हर घर तिरंगा अभियान में महापौर सुनीता दयाल की पहल, घर-घर पहुंचा रही तिरंगे का सम्मान

-वार्ड से आवास तक, हर आगंतुक को भेंट कर रहीं राष्ट्रीय ध्वज

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान को महापौर सुनीता दयाल ने जन-जन का अभियान बना दिया है। नगर आयुक्त के साथ मिलकर नगर निगम ने शहर के सभी वार्डों में 1500 तिरंगे प्रति वार्ड वितरित किए हैं, ताकि 15 अगस्त पर हर घर पर तिरंगा फहराया जा सके। बुधवार को महापौर सुनीता दयाल ने स्वयं अपने वार्ड और कॉलोनी के घर-घर जाकर तिरंगे वितरित किए। अपने आवास पर आने वाले हर अतिथि को भी उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री का संदेश हर नागरिक तक पहुँचे, इसके लिए यह प्रयास आवश्यक है।

महापौर ने नागरिकों से अपील की कि 15 अगस्त के बाद तिरंगे को सम्मानपूर्वक उतारकर घर के सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि अगले वर्ष भी इसका उपयोग किया जा सके। उन्होंने चेताया कि किसी यात्रा या आयोजन के दौरान कई बार तिरंगा जमीन पर गिर जाता है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि अनजाने में ऐसा हो भी जाए तो हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए तिरंगे को उठाकर सम्मानपूर्वक स्थापित करना चाहिए। यह पहल न केवल देशभक्ति की भावना को मजबूत कर रही है, बल्कि तिरंगे के सम्मान और संरक्षण का संदेश भी दे रही है। महापौर ने कहा कि तिरंगा हमारा गर्व है और इसका आदर करना हर भारतीय का कर्तव्य है।