-जल निगम और नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश
-आदर्शनगर बिहारीपुरा कॉलोनी में 10 दिनों से बंद पानी की सप्लाई पर महापौर ने जल निगम के अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया, समस्या न सुलझी तो होगा सख्त कदम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र के वार्ड-7, आदर्शनगर बिहारीपुरा कॉलोनी में लंबे समय से पानी की समस्या ने स्थानीय निवासियों का जीवन कठिन बना दिया है। बुधवार को इस समस्या को लेकर करीब 50 महिलाएं और पुरुष महापौर सुनीता दयाल के आवास पर पहुंचे और अपनी परेशानी उनसे साझा की। महापौर ने मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत जल निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की और समस्या के समाधान के लिए कड़े निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर महिलाओं को जल्द पानी नहीं मिला, तो वह जल निगम के खिलाफ धरने पर बैठेंगी। महिलाओं ने महापौर को बताया कि पिछले 10 दिनों से पानी की सप्लाई बंद है। कॉलोनी की पानी की पाइपलाइन फट गई है और इसी वजह से उन्हें दैनिक जीवन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की बाधाओं की भी जानकारी दी। महापौर सुनीता दयाल ने तत्काल जल निगम के सहायक अभियंता सौरभ कुमार से वार्ता की और पूछा कि आखिर 10 दिनों से आदर्शनगर में पानी की सप्लाई क्यों नहीं हो रही। उन्होंने फट गई पाइपलाइन और लगातार परेशानी झेल रहे निवासियों की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए। महापौर ने कहा कि सरकार योजनाओं पर पर्याप्त धनराशि खर्च करती है, लेकिन जनता को सुविधाएं नहीं मिल रही, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि तत्काल पानी की सप्लाई शुरू की जाए। महापौर ने नगर निगम के जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद, अधिशासी अभियंता जल आस कुमार, अवर अभियंता सुमित दिवाकर, अवर अभियंता महबूब खान और तकनीकी सुपरवाइजर नदीम को भी बैठक में शामिल किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर कॉलोनी का निरीक्षण किया जाए और पानी की पाइपलाइन व अन्य खामियों को तुरंत दुरुस्त किया जाए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो नगर निगम और जल निगम दोनों के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम को इस मामले में परेशानी इसलिए झेलनी पड़ती है क्योंकि जल निगम की योजनाओं के पूरा होने के बावजूद उनका हस्तांतरण नहीं किया जाता।
इस कारण जल निगम समय पर ध्यान नहीं देता और जनता को असुविधा होती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी खामियों पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और नागरिकों को नियमित पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए। स्थानीय निवासी भी महापौर के इस कदम से आश्वस्त दिखे और उन्होंने कहा कि अब उम्मीद है कि उनकी समस्या का समाधान शीघ्र होगा। महिलाएं विशेष रूप से इस मुद्दे पर गंभीर हैं और यदि जल निगम ने समय रहते पानी की सप्लाई शुरू नहीं की, तो धरने का विकल्प चुना जाएगा। गौरतलब है कि आदर्शनगर बिहारीपुरा कॉलोनी में पानी की समस्या केवल एक तकनीकी कारण से नहीं है, बल्कि प्रशासनिक और समन्वय की कमी के कारण भी यह लगातार बनी हुई है। महापौर ने अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। महापौर ने स्पष्ट किया कि कॉलोनी के हर क्षेत्र में जल आपूर्ति की नियमित निगरानी की जाएगी और समय-समय पर निरीक्षण कर सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी निवासियों को नियमित पानी की सुविधा मिलती रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

















