-6 शौचालय बनाने की एवज में कंपनी ने प्रचार के लिए लगा दिए यूनीपोल
-कमाई के चक्कर में भूल गए शौचालयों की देखरेख
गाजियाबाद। शहर में नगर निगम द्वारा बनाए गए शौचालय बदहाल अवस्था में है। सवाल उठता है कि ऐसे में स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की कैसे नंबर-1 रैंकिंग आ पाएगी। कुछ ऐसा ही मेयर सुनीता दयाल द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में शहर के शौचालयों की बदहाल अवस्था मिली। मेयर ने कहा कि जहां पर शौचालयों का निर्माण किया जाना था। उसका स्थान ही बदल दिया। ऐसे ही यूनिपोल निर्धारित स्थान के बजाए अन्य जगह पर लगा दिए गए। ऐसी कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मेयर के पास शौचालयों की बदहाल स्थिति को लेकर शिकायत आई थी। इसका संज्ञान लेते हुए मेयर स्वयं ही शौचालयों का निरीक्षण करने के लिए पहुंची। उन्होंने यूपी गेट स्थित शौचालय का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इसमें ताला लगा हुआ मिला। आसपास गंदगी के अंबार लगे मिले। इसके बाद लिंक रोड स्थित शौचालय को देखा। इसकी भी दिशा और दशा दोनों ही ठीक नहीं मिली।
मेयर ने जानकारी कि तो पता चला कि यह शौचालय रिया इंटरप्राइजेज फर्म द्वारा बनाया गया। इसकी एवज में फर्म ने प्रचार करने के लिए यूनिपोल लगाए। इस फर्म द्वारा पूर्व में 6 शौचालयों का निर्माण कराया गया था। इसके बदले 6 यूनीपोल लगाने की नगर निगम ने अनुमति दी थी। लेकिन शौचालयों की हालत बहुत खराब है। शौचालय की छत पर टीनशेड लगाई गई है। लेंटर नहीं डाला गया। शौचालय भी दूसरे स्थान पर बनाए गए है। ऐसे ही फर्म को जहां यूनीपोल लगाने थे। वह, दूसरी जगह पर लगाए गए। निरीक्षण के दौरान एक शौचालय खंडहर की स्थिति में मिला। लेकिन यूनिपोल लगाकर फर्म विज्ञापन कर पैसे वसूल रही है।
मेयर ने उक्त फर्म की पूर्ण जानकारी प्राप्त की है। बाकी 4 शौचालय का भी निरीक्षण किया गया। इनमें मोहन नगर फ्लाईओवर के पास, साहिबाबाद सब्जी मंडी के जो खंडहर बना हुआ है। टाटा स्टील कंपनी के सामने, कौशांबी लिंक रोड। इन सभी शौचालयों में दो शौचालय खुले हुए मिले है। बाकी चार शौचालय बंद मिले। दो शौचालय की स्थिति बहुत खराब होने के चलते खंडहर की तरह और छत नहीं बल्कि टीनशेड मिली। मेयर ने बताया कि कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी व संबंधित अधिकारियों को भी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया जाएगा।


















