-मेडिकल परीक्षण 11 मई तक, 913 अभ्यर्थियों की जांच, हर दिन 50 अभ्यर्थियों का मेडिकल टेस्ट
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों के लिए मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया मंगलवार से गाजियाबाद के हरसांव पुलिस लाइन में शुरू हो गई। इस अवसर पर गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने मेडिकल परीक्षण स्थल का दौरा किया और सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और मेडिकल टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। डीसीपी सिटी ने बताया कि मेडिकल परीक्षण प्रक्रिया 15 दिन चलेगी और इसमें कुल 913 अभ्यर्थियों का परीक्षण होगा, जिनमें 697 पुरुष और 216 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। रोजाना 50 अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। यह प्रक्रिया 11 मई तक पूरी हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता यह है कि मेडिकल परीक्षण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी अभ्यर्थी के साथ कोई भेदभाव न हो। हम सभी अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य जांच के लिए पूरी तरह से सक्षम टीम के साथ काम कर रहे हैं। डीसीपी राजेश कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि मेडिकल परीक्षण स्थल पर सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से चुस्त-दुरुस्त हैं और अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। अभ्यर्थियों के लिए यह मेडिकल परीक्षण बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें फिटनेस और स्वास्थ्य से जुड़ी सभी जरूरी जांचें की जाएंगी, ताकि केवल स्वस्थ और योग्य उम्मीदवारों को पुलिस सेवा में शामिल किया जा सके।
















