जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही असली प्रशासनिक सफलता: रविन्द्र कुमार माँदड़

-कलेक्ट्रेट में हुई जनसुनवाई, हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान का आश्वासन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जनता शिकायत लेकर हमारे पास आती है तो उसका समाधान हमारी जिम्मेदारी है। और जब समाधान गुणवत्तापूर्ण होता है, तो जनता प्रशंसा भी करती है। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और प्रार्थना-पत्रों के साथ उपस्थित हुए। इसमें नगर निगम, पुलिस विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे। डीएम माँदड़ ने सभी प्रार्थियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उनसे यह भी पूछा कि क्या उन्होंने पहले भी इसी समस्या से संबंधित आवेदन दिया था। यदि हाँ, तो उसकी स्थिति ऑनलाइन चेक कराई गई और उस पर की गई कार्यवाही की विस्तृत जानकारी भी ली गई।

उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रत्येक समस्या का समाधान नियमानुसार और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य केवल निस्तारण नहीं, बल्कि संतुष्टि देना है। पिछले कुछ दिनों से विद्युत विभाग के खिलाफ मिल रही शिकायतों पर डीएम ने विशेष ध्यान दिया। मोदीनगर के एक्सईएन को बुलाकर उनसे विस्तृत आख्या ली गई। तत्पश्चात एडीएम ई, एसडीएम मोदीनगर और एक्सईएन की संयुक्त टीम गठित कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

अन्य शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही व्हाट्सएप पर शिकायती पत्र भेजकर कॉल कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता प्रशासन के पास इसलिए आती है क्योंकि उन्हें उम्मीद होती है कि यहाँ उनकी समस्या का समाधान होगा। हमें उनकी उम्मीद पर खरा उतरना है और उनके विश्वास को कायम रखना है।
जनसुनवाई के दौरान एडीएम ई रणविजय सिंह, एसडीएम अरुण दीक्षित, आईएएस अयान जैन और एसीएम राजेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे और विभिन्न मामलों पर जिलाधिकारी के साथ मिलकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।