• महापुरुषों को श्रद्धांजलि देकर हुआ शुभारंभ
• कार्यकर्ताओं को दिए गए संगठनात्मक दिशा-निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 24 मार्च से 14 अप्रैल तक चलने वाले आगामी कार्यक्रमों को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से महानगर कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यशाला गोल्डन व्यू रिजॉर्ट, राज नगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद में संपन्न हुई, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यशाला का शुभारंभ भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (पश्चिम क्षेत्र) मानसिंह गोस्वामी ने महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के साथ मिलकर महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इस दौरान बलदेव राज शर्मा, पप्पू पहलवान, राजेश त्यागी, गोपाल अग्रवाल, बॉबी त्यागी, गुंजन शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कार्यशाला के दौरान महानगर पदाधिकारियों, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ संयोजकों की संख्या वृत्त लिया और संगठन को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सम्मान और समानता के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
योगी सरकार के 8 साल बेमिसाल: मानसिंह गोस्वामी
मुख्य वक्ता मानसिंह गोस्वामी ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश सरकार के 8 साल के सुशासन की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने 24 मार्च से 14 अप्रैल तक शीर्ष नेतृत्व द्वारा तय किए गए सभी कार्यक्रमों और अभियानों को सिलसिलेवार तरीके से विस्तार पूर्वक समझाया। इसके साथ ही, बिहार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पश्चिम उत्तर प्रदेश के अव्वल आने पर महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और कार्यकर्ताओं की सराहना की।
भविष्य की रणनीतियों पर जोर
कार्यशाला के दौरान आगामी भाजपा संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी चुनावी तैयारियों और जनसंपर्क अभियानों पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला में पार्टी के नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस कार्यशाला को संगठनात्मक मजबूती के लिए अत्यंत उपयोगी बताया और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
















