राज्य मंत्री ने किया जनता दर्शन, जनता की सुनी फरियाद

गाजियाबाद। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कुमार कश्यप ने रविवार को अपने आवास पर जनता दर्शन एवं जनता की सेवा के लिए उपस्थित रहे। जहां दूरदराज से आए हुए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। राज्य मंत्री को खुद अपने बीच में पाकर लोगों के अंदर समस्या के समाधान की उम्मीद भी जगी। लोगों ने कहा कि उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का जल्द ही निराकरण हो जाएगा। लगभग ढाई सौ लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं बताई। साथी ही एक दिव्यांग विधवा सेवा समिति का प्रतिनिधिमंडल जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए दिव्यांगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।

स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप का कहना है कि जनता की समस्याओं का समाधान करना ही उनका मकसद है। उन्होंने कहा कि रविवार को उनसे बड़ी संख्या में लोग मिलने और अपनी समस्या रखने के लिए आए थे। उन्होंने कई गंभीर विषयों पर तत्काल अधिकारियों को फोन करते हुए एक तय समय के भीतर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को गर्मी का मौसम होने की वजह से जनता के लिए बिजली, पानी की समस्याओं पर तत्काल हल निकालने का भी निर्देश दिया है।

लोकसभा चुनाव समाप्त होने के बाद रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जनता दरबार लगाया। जनता दर्शन सुबह काफी देर तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में अपनी समस्या लेकर पहुंचे लोगों की उन्होंने बात सुनी और उनका समाधान भी करवाया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह जनसुनवाई में किसी प्रकार की कोताही न बरते।