-जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ की अध्यक्षता में आहूत क्रियान्वयन बैठक में तैयार की गई विस्तृत रूपरेखा
-26 सितम्बर को छात्राओं को एक दिन का शिक्षक, 27 सितम्बर को महिलाओं का सम्मान और 30 सितम्बर को जनपद स्तर पर कन्या पूजन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को बढ़ावा देने हेतु शारदीय नवरात्र के अवसर पर गुरुवार को मिशन शक्ति के विशेष अभियान 5.0 (फेज-05) का शुभारम्भ किया गया। इसके सफल आयोजन और क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ की अध्यक्षता में महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आहूत हुई। बैठक में गृह, महिला एवं बाल विकास, युवा कल्याण, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, नगर विकास, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, संस्कृति, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, राजस्व, न्याय, परिवहन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अभियान के तहत विशेष और आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने बैठक में 26, 27 और 30 सितम्बर को जनपद स्तर पर होने वाले मेगा ईवेंट की रूपरेखा साझा की। 26 सितम्बर को प्रत्येक विद्यालय में छात्राओं को एक दिन का शिक्षक बनाया जाएगा, जिससे उन्हें नेतृत्व और जिम्मेदारी का अनुभव प्राप्त हो।
27 सितम्बर को जनपद में जहां-जहां श्रीरामलीला का आयोजन होगा, वहां मेहनती, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस बार जिले में लगभग 70 जगहों पर श्रीरामलीला का आयोजन किया जा रहा है। 30 सितंबर को जनपद के प्रत्येक स्कूल में कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग एक लाख छात्राओं को सामूहिक रूप से कन्या पूजन का अवसर मिलेगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और कार्यक्रम का संचालन हर्षोल्लास और परिपूर्णता के साथ किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को यह निर्देश दिया कि वे पूरे महीने के कार्यक्रमों की सूची तैयार करें और मिनट टू मिनट सिड्युल तैयार करें। इसमें स्पष्ट किया जाए कि किस दिन, कहां कार्यक्रम आयोजित होगा, कौन से अधिकारी उपस्थित होंगे, आमंत्रित अतिथि कौन हैं, कार्यक्रम के मुख्य अंग क्या होंगे और इसे किस प्रकार से सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा। साथ ही महिलाओं, बालिकाओं और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की सुरक्षा और सम्मान पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर संबंधित विभागों द्वारा प्रदेश सरकार की योजनाओं का वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों के आवेदन कराए जाएंगे। बैठक में प्रमुख रूप से एड.सीपी केशव कुमार चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, आईएएस अयान जैन, सीएमओ डॉ.अखिलेश मोहन, अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, डीडीओ प्रज्ञा श्रीवास्तव, एसीपी सलोनी अग्रवाल, सभी अधिशासी अभियंता, बीडीओ और तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मिशन शक्ति के विशेष अभियान 5.0 के सफल आयोजन के लिए निर्देशित किया और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं का सम्मान, सुरक्षा और समग्र कल्याण सर्वोपरि रहे।
















