-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने माता लक्ष्मी, काली और सरस्वती की झांकियों के साथ सशक्त नारी का जयघोष किया, छात्राओं और महिलाओं को हेल्पलाइन जानकारी देकर किया सशक्त
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम ने मंगलवार को मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया। यह रैली नगर निगम मुख्यालय से प्रारंभ हुई और दुर्गा भाभी चौक तक गई, जिसमें नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मुख्य भूमिका निभाई। रैली की शुरुआत में नगर आयुक्त ने माता लक्ष्मी, काली और सरस्वती की भव्य झांकियों को नमन करते हुए शक्ति का जयघोष किया। उन्होंने उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति का अवतार है और जब नारी सशक्त होगी तभी समाज व राष्ट्र सशक्त हो सकेगा।
रैली में नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, चंद्रपुरी की छात्राओं ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं, जिनमें नारी शक्ति का संदेश पूरे शहरवासियों तक पहुंचाया गया।
माता लक्ष्मी, काली और सरस्वती की झांकियां दर्शकों का मुख्य आकर्षण बनीं। इसी क्रम में नगर निगम स्कूल की एक छात्रा ने परी की झांकी के माध्यम से हेल्पलाइन नंबरों का महत्व और आपातकालीन स्थिति में उनका उपयोग महिलाओं के लिए सबसे बड़ी शक्ति होने का संदेश दिया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने रैली में उपस्थित छात्राओं और महिलाओं से कहा कि नारी सम्मान और सुरक्षा के लिए समाज को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने सभी को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और यह भी बताया कि किसी भी संकट की स्थिति में इनका उपयोग करने में झिझक न करें। उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य है-नारी का आत्मविश्वास, सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करना।
इस भव्य रैली में अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि महापौर और नगर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के तहत पूरे शहर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। दुर्गा अष्टमी पर आयोजित यह रैली महिलाओं और बालिकाओं के लिए प्रेरणास्पद साबित हुई। रैली नगर निगम मुख्यालय से प्रारंभ होकर दुर्गा भाभी चौक तक पहुंची, जहां माल्यार्पण कर नारी शक्ति को नमन किया गया। बैंड-बाजे और जयकारों के साथ निकली यह शोभायात्रा पूरे मार्ग में लोगों का ध्यान आकर्षित करती रही। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी रैली में शामिल होकर इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाईं। मिशन शक्ति 5.0 की यह पहल न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी बल्कि समाज में नारी शक्ति, सुरक्षा और सम्मान का संदेश भी हर घर तक पहुंचाया। नगर निगम की इस पहल के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट किया गया कि सशक्त नारी से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

















