प्रचंड बहुमत के साथ फिर बनेगी मोदी सरकार: गुंजन शर्मा

गाजियाबाद। कल 4 जून को लोकतंत्र के सबसे बड़े परीक्षा के परिणाम आएंगे। इसी के साथ लगभग दो महीने से पूरे देश में चले चुनावी प्रक्रिया का समापन भी हो जाएगा। मंगलवार को जब ईवीएम का पिटारा खुलेगा तब भाजपा व मोदी सरकार की हैट्रिक बनती है या इंडिया गठबंधन को सत्ता का ताज मिलता है। वहीं लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद मिडिया के माध्यम से जारी एग्जिट पोल के नतीजों के आधार पर भाजपा महानगर मंत्री पंडित गुंजन शर्मा का दावा है कि इस बार भाजपा की केन्द्र सरकार अपने पिछले दस वर्षों के रिकॉर्ड को तोडग़ी। प्रचंड बहुमत के साथ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा तीसरी बार केन्द्र में अपनी सरकार बनाने जा रही है। पंडित गुंजन शर्मा का कहना है कि देश में दस वर्षों के शासन के पश्चात भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू देश की जनता पर छाया हुआ है। समय के साथ साथ प्रधानमंत्री की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है।

पिछले दस वर्षों में केंद्र की सरकार ने गरीब कल्याण के अनेकों कार्य धरातल पर किये है। तथा प्रधानमंत्री की सेवक के साथ-साथ साधक वाली छवि देश के लोगों के मन में समायी हुई है। जिसके बूते पर एनडीए गठबंधन अबकी बार चार सौ पार के नारे को सार्थक करता हुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में अतुल गर्ग भी भारी मतों से विजय प्राप्त करके संसद में हमारा नेतृत्व करेंगे। बीजेपी ने पिछले 10 साल में कांग्रेस के 50 साल से ज्यादा काम किया है और यही बीजेपी की जीत का आधार होगा। भाजपा द्वारा पिछले 10 वर्षों में किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए किए गए कार्यों के कारण उत्तर प्रदेश के साथ देश की जनता लोकसभा चुनाव में फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में विकसित और समृद्ध उत्तर प्रदेश की परिकल्पना के साथ उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है।