आंदोलन : यूपी-हरियाणा में किसानों का हंगामा

विभिन्न स्थानों पर फ्री कराए टोल प्लाजा

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन का आज 17वां दिन है। आक्रोशित किसानों ने शनिवार को हरियाणा और उत्तर प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर टोल प्लाजा को फ्री करा दिया। ऐसे में बगैर टोल चुकाए वाहनों की आवाजाही होती रही। इस बीच जगह-जगह भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में पुलिस सतर्क है। केंद्र सरकार के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों के किसान आंदोलनरत हैं। किसानों ने तीनों नए कृषि कानूनों को वापस लेने की पुरजोर मांग की है। आंदोलन के 17वें दिन किसानों ने हरियाणा और उत्तर प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर टोल प्लाजा को फ्री करा दिया। उप्र के हापुड़ में भी किसान संगठनों के आह्वान पर तीनों टोल प्लाजा पर किसान नेताओं ने कब्जा कर लिया। तीनों टोल प्लाजा को फ्री करा दिया गया। टोल प्लाजा पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। उधर, हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला ने भाजपा की मनोहर लाल खट्टर सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। इसके चलते दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। उन्होंने किसानों की मांगों से राजनाथ सिंह को अवगत कराया। वहीं, सरकार और किसानों के मध्य सुलह होती नजर नहीं आ रही है। कई दौर की वार्ता होने के बावजूद किसान अपनी मांगों पर अडिग हैं। सरकार ने नए कृषि कानूनों को वापस लेने से साफ इंकार कर दिया हैं। जबकि किसानों का साफ कहना है कि कृषि कानून वापस होने तक वह आंदोलन करते रहेंगे। ऐसे में टकराव निरंतर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व रेल मंत्री पीयूष गोयल समय-समय पर किसानों से अपील कर रहे हैं, मगर किसान मानने को राजी नहीं हैं। सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर भी किसानों का बेमियादी धरना जारी है।