प्रधानमंत्री मोदी ने मुलायम सिंह यादव को बोला हैप्पी बर्थडे टू यू . . .

82 साल के हुए समाजवादी पार्टी के संरक्षक

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव 82 साल के हो गए हैं। समाजवादी पार्टी द्वारा रविवार को उनका जन्मदिन मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह को जन्मदिन की बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर और मुख्यमंत्री योगी ने फोन कर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि मुलायम सिंह यादव जी से बात की और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। वह हमारे देश के सबसे वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में से एक हैं, जो कृषि और ग्रामीण विकास पर जोर देते हैं। मैं उनके लम्बे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं। उधर, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड ने समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर रक्तदान शिविर आयोजित किया है। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य इन दिनों ठीक नहीं है, इसलिए पार्टी कार्यालय के बाहर उनकी दीघार्यु की कामना संबंधी पोस्टर लगाए गए हैं। स्वास्थ्य समस्या के कारण अभी यह तय नहीं है कि वह अपने जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं। पिछले साल मुलायम सिंह अपने जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया था। मुलायम सिंह का जन्म इटावा जनपद के सैफई गांव में किसान परिवार में हुआ था। उनके अलावा वह 5 भाई-बहन हैं। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी सीट से वह सांसद हैं। मुलायम सिंह 3 बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वर्ष 2012 में सपा ने बहुमत हासिल किया था तब उनके बेटे अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बने थे। अस्वस्थ रहने के कारण मुलायम सिंह काफी वक्त से सपा में सक्रिय भूमिका में नहीं हैं। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भी उन्हें लंबे समय से देखा नहीं गया है।