दिल्ली में वारदात, 2 ढाबा मालिक अरेस्ट
नई दिल्ली। दिल्ली के चर्चित होटल में मुंबई की इवेंट मैनेजर के साथ गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया है। विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर 2 ढाबा संचालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों से सोशल मीडिया नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर पीड़िता की दोस्ती हुई थी। यह वारदात गत 20 नवम्बर की है। मुंबई निवासी 27 वर्षीय इवेंट मैनेजर की प्रोफेशन के नाम पर फेसबुक के जरिए आरोपियों से दोस्ती के बाद बातचीत हुई थी। बाद में वह मुंबई से दिल्ली पहुंची। तदुपरांत18 और 19 नवंबर को मिकी मेहता (57) और नवीन दवार (47) से दिल्ली के कनॉट प्लेस में मिली। कनाट प्लेस में बातचीत होने पर पीड़िता को आरोपी एरोसिटी में किसी नामी होटल में ले गए। आरोप है कि बीच रास्ते में मिकी के साथी नवीन ने इवेंट मैनेजर से छेड़छाड़ की। ऐसे में मिकी ने झूठा नाटक कर उसे कार से उतार दिया। बाद में मिकी इवेंट मैनेजर को होटल तक छोड़ने चला गया। आरोपी मिकी मेहता ने इसके बाद होटल में उसके साथ रेप किया। विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। रेप की शिकार इवेंट मैनेजर को आनंद विहार के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गया। पीड़िता ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी मिकी मेहता और नवीन दवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी सोनीपत के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह ढाबा कारोबारी हैं। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है। आरोपियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, घटना के बाद से इवेंट मैनेजर सदमे में है। वह अब मुंबई लौटने की तैयारी कर रही है।

















