गाजियाबाद। नगर निगम के जलकल विभाग द्वारा कविनगर जोन अंतर्गत वार्ड-24 बयाना गांव में ठेकेदार से पानी की पाइप लाइन के रेस्टोरेशन के कराए जा रहे कार्य में मिली खामियों के बाद कांट्रेक्टर फर्म को नोटिस जारी किया गया है।नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने ठेकेदार द्वारा की गई लापरवाही पर जलकल विभाग के महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद को फटकार लगाई। नगर आयुक्त के निर्देश पर तत्काल जलकल महाप्रबंधक केपी आनंद और अवर अभियंता अजय कुमार सिंह ने मौके पर जाकर पानी की पाइप लाइन का मौके पर जाकर निस्तारण कराया। उन्होंने रेस्टोरेशन के कार्य में गुणवत्ता के साथ समय सीमा पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। दरअसल, शहर में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों की नगर आयुक्त स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसी क्रम में कविनगर जोन अंतर्गत वार्ड-24 में गांव बयाना में लगभग 6 किलोमीटर क्षेत्र में महावीर कंस्ट्रक्शन फर्म के ठेकेदार द्वारा पानी की पाइप लाइन जोडऩे का कार्य किया जा रहा है। यहां पर ठेकेदार ने आरसीसी की बनी सड़क की बीच में कटिंग कर पानी की पाइप लाइन डाली जा रही हैं।
नगर आयुक्त को इसमें लगभग 200 मीटर पर रेस्टोरेशन के कार्य में लापरवाही की जानकारी मिली। उन्होंने जलकल विभाग की टीम को सख्त निर्देश दिए। इसके बाद जलकल महाप्रबंधक ने अवर अभियंता के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्टोरेशन का कार्य शुरू कराया। जलकल महाप्रबंधक केपी आनंद ने बताया कि बयाना गांव में जल आपूर्ति बेहतर करने के लिए महावीर कंस्ट्रक्शन फर्म के ठेकेदार द्वारा कार्य किया गया है। इसमें लगभग 200 मीटर के रेस्टोरेशन कार्य में प्लांट नहीं लगने के कारण मैन्युअल कार्य किया गया और कंक्रीट का मसाला नहीं डाला जा रहा था।मौके पर जाकर काम को रुकवा दिया गया। ठेकेदार को प्लांट लगाने के निर्देश दिए गए। 2 इंच के स्थान पर 6 इंच कंक्रीट के मसाले से रेस्टोरेशन करने के लिए कहा गया। फर्म को लापरवाही के चलते नोटिस भी जारी किया गया है।
















