-वबाग व जलकल विभाग की लगाई क्लास, सीवर समस्या का एक सप्ताह में समाधान के निर्देश
-सीवर समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से करें काम, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: विक्रमादित्य सिंह मलिक
-5 से 8 बजे के बीच में रफ्तार से करें कार्य, अधिकारियों की प्रबल हो मॉनिटरिंग
गाजियाबाद। सीवर की बदहाली शहरवासियों को बेहाल कर रही है। शहर में कई जगहों और मोहल्लों में सीवर का पानी निकलकर गलियों और सड़कों पर बह रहा है। शहर के कई अन्य हिस्सों में गलियां नाले में तब्दील हो रही हैं। शहर की सीवर समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सख्त रुख अख्तियार किया है। मंगलवार को जलकल विभाग व वी.ए.टेक वबाग कंपनी के साथ हुई बैठक में नगर आयुक्त ने जमकर क्लास लगाई। साथ ही कार्य में सुधार करने की नसीहत देते हुए कहा कोई भी कागजों में नहीं चलेगा धरातल पर होना चाहिए। अगर एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कार्रवाई की जाएगी। निगम मुख्यालय पर जलकल विभाग तथा वी.ए.टेक वाबाग के साथ सीवर समस्याओं के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की गई।
जिसमें पार्षदों, क्षेत्रीय निवासियों द्वारा प्राप्त हो रही सीवर संबंधित शिकायतों के संबंध में तत्काल समाधान पर कार्य करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अधिशासी अभियंता जल आश कुमार, समस्त जोन के अवर अभियंता व वबाग टीम से जोनल इंचार्ज व डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर भी उपस्थित रहे। प्रत्येक वार्ड की रिपोर्ट के साथ नगर आयुक्त द्वारा उपस्थित जनों से वार्ता की गई। जिसमें टीम को कड़े निर्देश देते हुए एक सप्ताह में कार्यशैली सुधार करते हुए समस्याओं के समाधान पर तत्काल कार्य करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने विशेष रूप से सभी टीम को उपकरणों का सदुपयोग करते हुए और पीपीई किट के साथ ही कार्य करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा ऐसे वार्ड को चिन्हित करें जहां समस्या गंभीर है। वहां टीम लगाते हुए प्राथमिकता पर अभियान के रूप में कार्य करें। सिटी जोन के कई वार्डों में अभियान के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय पार्षदों आरडब्ल्यूए पदाधिकारी से सीधा समन्वय बनाते हुए ओवरफ्लो हो रहे मैनहोल को उपकरणों के माध्यम से क्लियर किया जाए। डिसिल्टिंग का उठान, मैनहोल की सफाई मैनहोल की मरम्मत, एसटीपी व एसपीएस को पूर्ण क्षमता के साथ चलने के लिए भी निर्देश दिए।
नगर आयुक्त द्वारा कार्य में लापरवाही पाए जाने की दशा में कड़ी कार्यवाही करने के लिए जलकल विभाग की वरिष्ठ अधिकारियों को कहा गया। साथ ही जलकल विभाग अधिकारियों को अपनी मॉनिटरिंग प्रबल करने के लिए भी निर्देश दिए। नगर निगम सीमा अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों में आंतरिक वार्डों में कार्यशैली सुधार के साथ-साथ सीवर समस्या के समाधान मे एक सप्ताह में ही सुधार करने के लिए कहा गया। प्रातः: 5 से 8 के बीच में विशेष कार्य अभियान के रूप में करने के लिए निर्देश दिए। उपस्थिति वबाग टीम द्वारा कितने कर्मचारी जोनवर लगाए गए हैं उसकी जानकारी मांगी गई। टीम को प्रशिक्षण देने के लिए भी महाप्रबंधक जल को निर्देश दिए।

















