-जीडीए की पहली किस्त आते ही इंदिरापुरम में कार्य करने को निगम तैयार
-विज्ञापन के अधिकार के साथ-साथ इंदिरापुरम के कम्युनिटी सेंटर पर भी हैंडओवर ले विभाग: नगर आयुक्त
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा इंदिरापुरम का हैंडोवर करने के बाद इंदिरापुरम को संवारने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। वहीं जीडीए की ओर से पहली किस्त आने के उपरांत सभी विभागों की भी जिम्मेदारी तय कर दी गई है। इंदिरापुरम में अवैध अतिक्रमण, पार्कों को संवारने, कूडे की समस्या का निस्तारण करने के लिए मंथन शुरु हो गया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा मंगलवार को इंदिरापुरम में कार्य प्रारंभ करने को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की पहली किस्त आने के उपरांत तत्काल प्रभाव से कार्य प्रारंभ करने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। जिसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग संबंधित डॉक्यूमेंट एवं कार्य योजना साझा करने के लिए दो दिन दिए गए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनेंद्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, लेखाधिकारी डॉ गीता कुमारी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, जीएम जलकल केपी आनंद, एमएनएलपी विवेक सिंह, ऑडिटर विमलेश सिंह, ऑडिटर रोहताश शुक्ला, एएओ जेपी सिंह, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, जोनल प्रभारी सुनील राय, विवेक त्रिपाठी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा इंदिरापुरम का हैंडोवर लेने के उपरांत की सभी अकाउंट संबंधित कार्यवाही भी पूरी कर ली गई है। प्रथम चरण में आने वाली धनराशि 70 करोड़ के अनुसार इंदिरापुरम क्षेत्र में कार्य प्रारंभ करने की योजना बनाई गई। जिसमें निर्माण विभाग, उद्यान विभाग, जलकल विभाग और प्रकाश विभाग को एस्टीमेट प्रस्तुत करने के लिए निर्देश दिए। प्रमुख सड़कों के साथ-साथ वार्डों की आंतरिक मार्गो को भी सुधारा जाएगा। जलकल विभाग को सीवर लाइन मेंटेनेंस करने की योजना बनाने के लिए कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यकता अनुसार इंदिरापुरम क्षेत्र में एमआरएफ सेंटर बनाने के लिए भी कहा गया और 8500 वर्ग मीटर जमीन पर सॉलिड वेस्ट निस्तारण प्रक्रिया के लिए शीघ्र कार्यवाही करने के लिए निर्देश दिए। इसी क्रम को आगे बढ़ते हुए संपत्ति विभाग और टैक्स विभाग को भी तेजी से कार्य करने के लिए निर्देश दिए। समस्त इंदिरापुरम के कम्युनिटी सेंटर पर हैंडोवर लेने के लिए निर्देश दिए गए। विज्ञापन प्रक्रिया को भी जांचते हुए कार्यवाही करने के लिए कहा गया। 1 अक्टूबर से लेकर आगामी वित्तीय वर्ष तक टैक्स वसूली के लिए भी संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए। गाजियाबाद नगर निगम इंदिरापुरम के क्षेत्र वासियों के हित में कार्य प्रारंभ करने की तैयारी कर चुका है।
आगामी 15 दिन के भीतर निगम के समस्त विभाग अपने-अपने कार्यक्षेत्र में इंदिरापुरम एरिया में कार्य प्रारंभ करेंगे जिसके लिए प्रमुख कार्यों का चिन्हीकरण करने के लिए अधिकारी भी इंदिरापुरम में निरीक्षण प्रारंभ करेंगे। नगर आयुक्त द्वारा इंदिरापुरम निवासियों के लिए कई नई योजनाओं को लाने के लिए भी अधिकारियों से चर्चा की गई। जिसमें इंदिरापुरम क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण समाप्त करने पर योजना बनाई गई और वेंडिंग जोन योजना को धरातल पर लाने के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उद्यान विभाग को इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित ग्रीन बेल्ट एवं पार्कों में प्रमुखता से ध्यान देने के लिए माली व अन्य टीम लगाने के लिए भी कहा गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में इंदिरापुरम को बेहतर बनाने के लिए योजना बनाई जा रही है।

















