नगर आयुक्त ने किया वार्डों का औचक निरीक्षण, नागरिक सुविधाओं और सुरक्षा मानकों पर जोर

-नंदग्राम रेत मंडी में पुलिया स्लैब की अव्यवस्था देख तत्काल सुधार के निर्देश
-सभी वार्डों में स्थलीय निरीक्षण अनिवार्य, नालियों और पुलियों की सफाई पर विशेष ध्यान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर में निर्माण एवं सफाई कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने गुरुवार को सिटी जोन अंतर्गत आने वाले वार्डों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में नंदग्राम, घुकना, सिहानी और पटेल नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 06, 11, 31, 32 एवं 49 शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने नंदग्राम रेत मंडी क्षेत्र में पुलिया की सफाई के बाद स्लैब के पत्थरों को अव्यवस्थित अवस्था में देखा और तत्काल नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही निर्माण विभाग की टीम को बुलाकर स्लैब को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, जिसे टीम ने तत्क्षण पूरा किया। नगर आयुक्त ने साफ किया कि नालियों और पुलियों की सफाई के साथ-साथ स्लैब को सही ढंग से पुन: स्थापित करना अनिवार्य है, ताकि आमजन का आवागमन बाधित न हो और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल मुख्य मार्गों तक सीमित न रहकर वार्ड के अंदरूनी मार्गों में भी नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके साथ ही निर्माण कार्यों में सतर्कता बरतते हुए कार्य संपन्न करने, मार्गों को बाधित न करने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि केवल मुख्य मार्ग ही नहीं, बल्कि वार्डों के अंदरूनी मार्गों को भी सुगम और सुरक्षित बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस संबंध में निर्माण विभाग को विशेष सतर्कता बरतते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण या मरम्मत के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सफाई मित्रों से संवाद करते हुए उन्हें स्वच्छता कार्य के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा का भी ध्यान रखने की सलाह दी। वहीं, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने विशेष रूप से सभी वार्डों में पुलिया के ऊपर लगे स्लैब को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। औचक निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार और मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त के इस कदम से नगर निगम अमले में सक्रियता बढ़ी है और शहर में नागरिक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन व सुरक्षा मानकों के पालन की दिशा में सख्त संदेश गया है।