नगर आयुक्त ने चुनावी बिगुल बजने से पूर्व व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए की बैठक

-कभी भी हो सकती है चुनाव घोषणा, अलर्ट रहे अधिकारी: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। लोकसभा चुनावी बिगुल बजने से पूर्व पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया। वहीं नगर निगम भी चुनावी तैयारियों में जुट गया है। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें चुनाव संबंधित सभी कार्यवाही पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए। बैठक में चुनाव के दौरान होने वाले कार्यों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ जोनल प्रभारी की ड्यूटी भी लगाई गई। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बताया लोकसभा के चुनाव के लिए नगर आयुक्त द्वारा निगम अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें निर्माण विभाग को विशेष जिम्मेदारी देते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

जिसके अंतर्गत सभी बूथों को व्यवस्थित करने, बूथों पर रंगाई पुताई की व्यवस्था करने, बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कहा गया। इसी प्रकार प्रकाश विभाग को प्रकाश व्यवस्था करने और सफाई व्यवस्था को बहुत ही अधिक बेहतर करने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को कहा गया। नगर निगम सीमा अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में किसी प्रकार की कमी ना रहे। इसका विशेष ध्यान रखने के लिए टीम को तैयार करते हुए मोटिवेट किया गया। नगर आयुक्त द्वारा जोनल प्रभारी को चुनाव घोषणा के उपरांत सभी राजनीतिक विज्ञापन होर्डिंग हटाने के लिए भी निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में अधिकारियों ने चुनाव की तैयारी को प्रारंभ कर दिया। देखने में आ रहा है कि चुनाव की घोषणा से पूर्व निगम अधिकारी बैठक कर रहे हैं। मतदान केंद्रों को तैयार करने के लिए कार्य शुरुआती चरण की तरफ है। लोकसभा के चुनाव संपन्न होने तक निगम के सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने कार्यों संबंधित अलर्ट रहेंगे। इसके लिए अधिकारियों की बैठक बुलाई और निर्देश जारी किए अवकाश दिवस में भी अपने कार्यों को पूर्ण करने के लिए भी कहा गया।