-निर्माण, स्वास्थ्य, उद्यान और अतिक्रमण विभाग की समस्याओं पर तत्काल टीम भेजकर स्थलीय समाधान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में मंगलवार को संभव जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें निगम अधिकारियों के साथ नागरिकों की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान कुल 11 संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश निर्माण विभाग से संबंधित थे। निर्माण विभाग से चार, स्वास्थ्य विभाग से दो, उद्यान विभाग से एक, अतिक्रमण संबंधित तीन और अन्य विभाग से एक संदर्भ आया। नगर आयुक्त ने प्रत्येक संदर्भ पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए और समस्या के समाधान के लिए विभागों की टीमों को मौके पर भेजा। टीमों ने पटेल नगर, शास्त्री नगर, दयानंद नगर, शिवबनपुरा और मोहन नगर में जाकर स्थलीय निरीक्षण कर समाधान की प्रक्रिया शुरू की।
नगर आयुक्त ने विशेष रूप से निर्माण विभाग की समस्याओं के निस्तारण के लिए मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी एवं संबंधित टीम को निर्देशित किया कि वे तुरंत कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। अतिक्रमण संबंधित मामलों के समाधान हेतु सिटी जोन कवि नगर और मोहन नगर जोन के जोनल प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, प्रभारी प्रकाश आश कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह तथा सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे नागरिकों का विश्वास और प्रशासन की पारदर्शिता मजबूत हो।
















