-तीन माह में 143 करोड़ की वसूली करने की दी जिम्मेदारी
-सीट पर बने रहना है तो टैक्स कलेक्शन बढ़ोतरी पर मशक्कत करें जोनल प्रभारी: नगर आयुक्त
-जीआईएस सर्वे से संपत्तियों का मिलान एवं अग्रिम कार्यवाही करने के दिए निर्देश
-यूजर चार्ज वसूली को बढ़ाने के लिए वितरित करें बिल, बड़े बकायेदारों को बनाये टारगेट
गाजियाबाद। टैक्स कलेक्शन की बढ़ोतरी के लिए प्रत्येक सप्ताह एक कैंप लगाकर प्रॉपर्टी टैक्स भरवाएं। इसके अलावा सभी डिफाल्टर्स को लगातार नोटिस भेजे जाएं। लगातार नोटिस देने के बाद भी अगर कोई टैक्स नहीं भरता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इस संबंध में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं रहनी चाहिए। यह बातें शनिवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने टैक्स कलेक्शन को लेकर सभी जोनल प्रभारी और समस्त कर अधीक्षकों के साथ विशेष बैठक के दौरान कहीं। नगर आयुक्त द्वारा लगातार शहर के विकास को लेकर निगम की आय बढ़ाने के लिए कार्य किया जा रहा है। नगर आयुक्त द्वारा सभी जोनल अफसरों को हाउस टैक्स कलेक्शन बढ़ोतरी के लिए कड़े निर्देश दिए। बड़े बकायेदारों को टारगेट करने के लिए भी कहा गया है। तीन माह में 31 मार्च तक नगर निगम टैक्स विभाग द्वारा 143 करोड़ की वसूली की जानी है। जिसके लिए कार्य योजना बनाई गई।
मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा उपस्थित रहे। नगर निगम टैक्स विभाग द्वारा आगामी सप्ताह में संपत्ति कर से छूटे हुए भावनाओं को टारगेट किया जाएगा। हाई राइज बिल्डिंग और उसमें स्थित फ्लैट जो संपत्ति कर से छूटे हुए हैं उन पर करांकन की कार्यवाही की जाएगी। नगर आयुक्त द्वारा 15 दिन के भीतर संपत्ति कर से छूटे हुए भवन फ्लैट की सूची मांगी गई है। सभी सुविधाएं मुहैया करने के बाद भी प्रभावपूर्ण रिजल्ट नहीं दे पा रहे जोनल प्रभारी, नगर आयुक्त द्वारा सख्त निर्देश जारी किए। वसुंधरा जोन को 71 करोड़, मोहन नगर जोन को 18 करोड़, कवि नगर जोन को लगभग 14 करोड़, सिटी जोन को 30 करोड़ और विजयनगर जोन को लगभग 91 लाख का टारगेट दिया गया। 31 मार्च 2025 तक नगर निगम टैक्स विभाग द्वारा 143 करोड़ की वसूली की जानी है।
जिसके लिए नगर आयुक्त द्वारा संबंधित सभी टीम को मेहनत के साथ कार्य करने और बड़े बकायेदार को टारगेट करने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र पर बकाया 17 करोड़, इंदिरापुरम क्षेत्र पर बकायेदारों को तत्काल प्रभाव से वसूल करने कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को नगर आयुक्त द्वारा यूजर चार्ज वसूली को भी बढ़ाने के लिए बिल वितरित कराने के लिए कहा गया। साथ ही विशेष रूप से बड़े प्रतिष्ठान जिनके द्वारा यूजर चार्ज नहीं दिया जा रहा है, कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। शहर में विकास कार्यों को लेकर योजना बनाने के साथ-साथ निगम की आय को बढ़ाने के लिए भी नगर निगम तत्परता से कार्य करने की योजना बना रहा है। जिसमें जनप्रतिनिधियों माननीय पार्षदों का भी सहयोग प्राप्त हो नगर आयुक्त द्वारा अपील की जा रही है।

















