नगर आयुक्त ने कवि नगर जोन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा  

गाजियाबाद। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ का औचक निरीक्षण जारी है। नगर आयुक्त के निरीक्षण से अधिकारियों के साथ-साथ गंदगी करने वाले लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है। क्योंकि नगर आयुक्त शहर का निरीक्षण करने के साथ ही सफाई व्यवस्था का भी जायजा ले रहे है और गंदगी फैलाने वाले लोगों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ उन्हें जागरुक भी कर रहे है। इसी क्रम में सोमवार को नगर आयुक्त ने शहर भ्रमण के दौरान कविनगर जोन का निरीक्षण किया।

आरडीसी सेक्टर-23 संजय नगर मेरठ रोड तथा दुहाई तक सफाई व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर मेरठ तिराहे से दुबई को जाने वाले मार्ग पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही सी एंड डी वेस्ट को भी उठाने के लिए निर्देशित किया। एसबीएम नोडल डॉ मिथिलेश कुमार तथा निर्माण विभाग से देशराज निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे। जिनके द्वारा मेरठ से मोरटा जाने वाले मार्ग पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए कार्यवाही की तथा दुकानदारों को अपने आसपास गंदगी ना होने देने की अपील की।

निरीक्षण के क्रम में ही नगर आयुक्त द्वारा कचरा प्रोसेसिंग प्लांट जोकि मोरटा में स्थित है। उस का जायजा लिया गया। मौके पर निरीक्षण के दौरान प्रोसेसिंग प्लांट पर प्लांटेशन तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कहा गया। निर्माण विभाग को उक्त मार्ग को तत्काल व्यवस्थित करने तथा सड़क सुधार के लिए कहा गया। नगर निगम सीमा अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों को व्यवस्थित करने के लिए निगम अन्य विभागों से भी समन्वय कर कार्यवाही करें। जिसके लिए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।