-मोहन नगर के पसोंडा में अभियान चलाकर 1 लाख 10 हजार का वसूला जुर्माना
गाजियाबाद। गंदगी को लेकर फजीहत झेल रहे नगर निगम ने अवैध डेयरी संचालकों पर फिर से शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। नाला व नालियों में गोबर बहाने वाले संचालकों पर सख्ती बरतते हुए भारी जुर्माने की कार्रवाई भी की जा रही है। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार अवैध डेयरियों पर नगर निगम संबंधित विभाग द्वारा कड़ी कार्यवाही की जा रही है। जिसमें संचालकों को गंदगी न फैलाने और नालों में गोबर ना बहाने के लिए हिदायत दी जा रही है। नगर निगम विभाग द्वारा मोहन नगर जोन अंतर्गत अभियान चलाया गया। जिसमें तीन डेरियों पर कार्यवाही की गई। डेयरी संचालकों द्वारा नाले में अवैध रूप से गंदगी या गोबर बहने का कार्य किया जा रहा था।
कार्यवाही के दौरान 1 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया मोहन नगर जोन के पसोंडा क्षेत्र के निवासियों द्वारा कई बार अवैध रूप से चल रही डेरियों की गंदगी फैलाने की शिकायत प्राप्त हुई। समय-समय पर नोटिस भी जारी किए गए। मगर उसके बाद भी डेयरी संचालक गंदगी करने से बाज नही आ रहे थे। टीम द्वारा अभियान चलाकर पशुओं को भी पकड़ा गया और जुर्माना वसूलने के उपरांत पशुओं को छोड़ दिया गया।
गोबर को खुले में ना बहाने की हिदायत भी दी गई। नगर निगम द्वारा लगातार अवैध डेयरियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। सभी जोन में विभाग नजर बनाए हुए हैं और शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही की जा रही है। सीवर और नालों में गोबर बहाने वालों पर कड़ी कार्यवाही निगम द्वारा की जा रही है। मौके पर अभियान के दौरान प्रवर्तन दल की टीम और पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉक्टर आशीष त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।

















