– कार्यकारिणी के 6 सदस्यों के लिए हुए चुनाव में भाजपा के 5 पार्षद हुए विजयी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। 19 जुलाई 2024 को स्थगित हुई नगर निगम की बोर्ड बैठक 59 दिनों बाद 17 सितंबर मंगलवार को पूरी हुई। मंगलवार को नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों के रिक्त पदों पर पार्षदों का चयन। 6 सदस्यों के लिए 7 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था, लेकिन मंगलवार को बैठक शुरू होने के बाद एक सदस्य ने नाम वापस ले लिया। जिसके बाद सभी 6 प्रत्याशियों का चयन निर्विरोध हुआ। वार्ड-59 के पार्षद राजीव शर्मा, वार्ड-47 के पार्षद अमित त्यागी, वार्ड-88 के पार्षद नीरज गोयल, वार्ड-15 की पार्षद पूनम सिंह, वार्ड-74 के पार्षद नरेश भाटी और वार्ड-27 से पार्षद नरेश जाटव को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चुना गया। नवनिर्वाचित 6 सदस्यों में से नरेश जाटव निर्दलीय पार्षद हैं जबकि पांच अन्य पार्षद भाजपा से हैं। मेयर सुनीता दयाल ने कार्यकारिणी के लिए चुने गये सभी 6 सदस्यों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा भी मौजूद रहे।
विदित हो कि नगर निगम कार्यकारिणी के 6 सदस्यों का पद पिछले कई महीनों से खाली पड़ा हुआ था। रिक्त पदों पर सदस्यों के चयन के लिए 19 जुलाई 2024 को नगर निगम की बोर्ड बैठक बुलाई गई थी। लेकिन बैठक के दौरान 7 सदस्यों ने नामांकन किया और सभी अपनी दावेदारी पर अड़े रहे। मतदान को टालने के लिए मेयर सुनीता दयाल ने बैठक को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। 17 सितंबर को फिर से बैठक बुलाई गई। मेयर के निर्देश पर सदन सचिव अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बैठक की कार्रवाई शुरू की। केंद्रीय मंत्री नितिन गड़कड़ी की पूर्व कार्यक्रम की वजह से नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक बैठक में शामिल नहीं हो पाये। पहले नगर निगम की बोर्ड बैठक 18 सितंबर को प्रस्तावित थी। लेकिन 18 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम की वजह से निगम की बैठक एक दिन पहले करा ली गई। निर्वाचन अधिकारी जेपी सिंह ने सदस्यों के नामांकन वापस लेने के लिए 11:40 बजे तक का समय निर्धारित किया। निर्धारित अवधि में पार्षद मुस्तकीम ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। जिसके बाद मेयर सुनीता दयाल ने सभी 6 सदस्यों के निर्विरोध चुने जाने की घोषणा की।
मेयर ने उठाया टैक्स बढ़ोत्तरी का मुद्दा
कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के बाद मेयर सुनीता दयाल ने टैक्स बढ़ोत्तरी का मुद्दा उठाया। मेयर ने कहा कि इस पर चर्चा की जाये और पार्षदों के सहमति के आधार पर टैक्स बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया जाये। मुख्य राजस्व अधिकारी एवं सदन सह सचिव डॉ. संजीव सिन्हा ने कहा कि आज की बैठक कार्यकारिणी सदस्य के चयन के लिए बुलाई गई है। इस पर मेयर ने कहा कि बैठक के द्वितीय सत्र में इस प्रस्ताव पर चर्चा हो। मेयर ने टैक्स बढ़ोत्तरी पर अपना विरोध दर्ज कराते हुए इस निरस्त करने की बात कही। इस पर डॉ. संजीव सिन्हा ने कहा कि नगर निगम अधिनियम एवं सपत्ति कर नियमावली के अनुसार नगर निगम हित में हाउस टैक्स में बढ़ोत्तरी की गई है। नई दर के माध्यम से टैक्स वसूली में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने का प्रयास किया गया है। डॉ. सिन्हा ने कहा कि सदन की मंशा से शासन को अवगत कराया जाएगा।
दिवंगत पार्षद को दी श्रद्धांजली
बोर्ड बैठक के दौरान वार्ड-21 के दिवंगत पार्षद आनंद गौतम को श्रद्धांजली दी गई। दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए सदन में मौजूद सभी लोगों ने दो मिनट का मौन धारण किया। मेयर एवं सभी पार्षदों ने दिवंगत पार्षद की आत्मा की शांति की कामना की।

















