नगर निगम कर्मचारी संघ चुनाव: शेर बनाम घोड़ा, 29 अगस्त को होगा रोमांचक मुकाबला

-अनुराग नागर और रविंद्र कुमार आमने-सामने, 245 मतदाता करेंगे फैसला, शाम तक आएगा नतीजा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारी संघ चुनाव अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह साफ हो गया कि इस बार मुकाबला शेर और घोड़ा चुनाव चिन्ह वाले पैनलों के बीच होगा। नगर निगम मुख्यालय के सभागार में सुबह से ही चुनावी गहमागहमी देखने को मिली। कर्मचारी समूहों में चर्चा का माहौल था कि इस बार कौन सा पैनल भारी पड़ेगा और किसके हाथ संघ की कमान आएगी। सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक नामांकन पर्चे दिए गए और 11 बजे से 12:30 बजे तक नामांकन पत्र जमा हुए। इस दौरान अनुराग नागर और रविंद्र कुमार अपने-अपने पूरे पैनल के साथ सभागार पहुंचे और नामांकन दाखिल किया।

दोपहर तक किसी ने भी नाम वापस नहीं लिया, जिसके बाद चुनाव अधिकारी ब्रजमोहन सिंघल ने दोनों पैनलों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए। अनुराग नागर के पैनल को शेर चुनाव चिन्ह मिला है। उनका दावा है कि यह चुनाव संघ में नई ऊर्जा और मजबूती का प्रतीक बनेगा। दूसरी ओर, रविंद्र कुमार के पैनल को घोड़ा चुनाव चिन्ह दिया गया है। उनका कहना है कि घोड़े की रफ्तार की तरह उनकी टीम निगम कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान तेजी से करेगी। चुनाव चिन्ह मिलते ही दोनों पैनलों के समर्थकों ने नारेबाजी कर माहौल गर्मा दिया।

चुनाव अधिकारी के मुताबिक, नगर निगम कर्मचारी संघ चुनाव में कुल 245 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान 29 अगस्त शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक निगम मुख्यालय में होगा। मतदान समाप्त होते ही दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी और उसी दिन शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव को लेकर नगर निगम कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह है। समर्थक अब अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए प्रचार में जुट गए हैं। सभागार से बाहर निकलते ही चर्चा छिड़ गई कि इस बार शेर दहाड़ेगा या घोड़ा दौड़ेगा।

दोनों पैनलों ने जीत का दावा किया है और अपने घोषणापत्र को लेकर तैयारियां भी तेज कर दी हैं। निगम मुख्यालय में इस बार चुनावी रंगत किसी बड़े चुनाव से कम नहीं है। कर्मचारी समूहों में बहस छिड़ी है कि कौन सा पैनल कर्मचारियों की सुविधाओं, भत्तों, पदोन्नति और उनकी पुरानी समस्याओं को बेहतर तरीके से हल करेगा। दोनों ओर से पूरी ताकत झोंकी जा रही है और शुक्रवार का दिन इस चुनावी जंग का फैसला करेगा। अब सारी निगाहें 29 अगस्त पर टिकी हैं, जब यह साफ हो जाएगा कि निगम कर्मचारी संघ की कमान शेर के हाथ में जाएगी या फिर घोड़ा दौड़कर बाजी मार ले जाएगा।

245 मतदाता करेंगे किस्मत का फैसला
चुनाव अधिकारी ब्रजमोहन सिंघल ने बताया कि चुनाव 29 अगस्त शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय में होगा। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक कराया जाएगा। करीब 245 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी और उसी दिन शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

निगम मुख्यालय में बनेगा चुनावी माहौल
चुनाव को लेकर कर्मचारियों में उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है। दोनों पैनलों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। अब देखना होगा कि निगम कर्मचारी संघ में शेर दहाड़ेगा या घोड़ा दौड़ेगा।