नगर निगम को मिली हाउस टैक्स वसूली में बड़ी सफलता, अवकाश दिवस में 41 लाख की वसूली

• अवकाश दिवस में भी 12 स्थानों पर हाउस टैक्स वसूली कैंप आयोजित
• नगर निगम ने पांचों जोनों से कुल 41 लाख रुपये की वसूली की
• सबसे अधिक 17 लाख रुपये वसुंधरा जोन से जमा हुए
• 1103 करदाताओं ने कैंप में पहुंचकर टैक्स भरा, करदाताओं को मिली सहूलियत
-• मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने सभी कैंपों का किया निरीक्षण
• 31 मार्च तक हर अवकाश दिवस पर ऐसे कैंप लगाए जाएंगे
• बड़े बकायेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई, सीलिंग प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा

उदय भूमि
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर हाउस टैक्स वसूली को बढ़ाने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को अवकाश दिवस होने के बावजूद शहर के 12 स्थानों पर हाउस टैक्स वसूली कैंप लगाए गए, जिससे करदाताओं को नजदीकी स्थानों पर कर जमा करने की सुविधा मिली। साथ ही, सभी जोनल कार्यालय भी विशेष रूप से खुले रहे। इस पहल का सकारात्मक असर दिखा और नगर निगम ने पांचों जोनों से 41 लाख रुपये की टैक्स वसूली की। रविवार को आयोजित कैंपों में 1103 करदाताओं ने हिस्सा लिया और अपना हाउस टैक्स जमा किया। वसुंधरा जोन में सबसे अधिक 850 करदाताओं ने हिस्सा लिया और 17 लाख रुपये की वसूली हुई। मोहन नगर जोन में 100 करदाताओं ने 8 लाख रुपये जमा किए। विजयनगर जोन में 71 करदाताओं ने 5 लाख रुपये का भुगतान किया। कवि नगर जोन में 12 करदाताओं ने 6 लाख रुपये का टैक्स जमा किया। सिटी जोन में 70 करदाताओं से 5 लाख रुपये की वसूली हुई।

इंदिरापुरम क्षेत्र से अनुरक्षण शुल्क के रूप में 4 लाख रुपये वसूले गए। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च तक हर अवकाश दिवस पर ऐसे कैंप लगाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग अपना हाउस टैक्स भर सकें और किसी भी तरह के जुर्माने से बचें। वहीं, बड़े बकायेदारों से वसूली को तेज करने के लिए आज से सीलिंग की कार्रवाई और अधिक तेज कर दी जाएगी। नगर निगम की यह पहल शहर को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने और इसे आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। पार्षद भी इस मुहिम में पूरा सहयोग कर रहे हैं। गाजियाबाद नगर निगम की टीम लगातार मेहनत कर रही है ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और करदाता बिना किसी परेशानी के अपना हाउस टैक्स जमा कर सकें। अगले कुछ हफ्तों में और भी कई इलाकों में हाउस टैक्स वसूली कैंप लगाए जाएंगे, जिससे शहरवासियों को अधिक सहूलियत मिलेगी। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने सभी कैंपों का निरीक्षण किया और वसूली की समीक्षा की। नगर निगम की इस पहल से करदाताओं को बड़ी सहूलियत मिली, जिससे उन्होंने निगम का धन्यवाद किया।

बड़े करदाताओं पर होगी सख्त कार्रवाई, सीलिंग की प्रक्रिया होगी तेज
हाउस टैक्स वसूली अभियान को लेकर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने कहा नगर निगम की ओर से करदाताओं की सुविधा के लिए अवकाश दिवसों में भी विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, जिससे लोग बिना किसी असुविधा के अपना हाउस टैक्स जमा कर सकें। हमारी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोग समय पर टैक्स भरें और किसी भी तरह के जुर्माने से बचें। इस अभियान के तहत अब तक 41 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है, और आगे भी इसे बढ़ाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, जो बड़े करदाता अब भी बकाया चुकाने में देरी कर रहे हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सोमवार से सीलिंग की प्रक्रिया और तेज कर दी गई है, जिससे टैक्स वसूली को और मजबूती मिलेगी। नगर निगम को आत्मनिर्भर बनाने और शहर के विकास को गति देने के लिए यह अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा।