नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान किया तेज

-110 किलो प्लास्टिक जब्त कर 65 हजार रुपए का जुर्माना वसूला
-शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जारी रहेगी कार्रवाई: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम की टीम द्वारा अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। जिसकी प्रतिदिन की रिपोर्ट नगर आयुक्त खुद जांच रहे है। इसी क्रम में गुरुवार को कविनगर जोनल प्रभारी राजवीर सिंह व कर अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने प्रवर्तन दल की टीम के साथ गोविंदपुरम के बाजारी क्षेत्र में अभियान चलाकर 65 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया और लगभग 1 क्विंटल 10 किलो प्लास्टिक मटेरियल भी जब्त किया गया। अभियान के दौरान जोनल कार्यालय कवि नगर की टीम, स्वास्थ्य विभाग की टीम, प्रवर्तन दल एवं पुलिस बल उपस्थित रही। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार रोस्टर के अनुसार पांचो जोन में बारी-बारी प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध कार्यवाही चल रही है। जिसमें नगर निगम की टीम द्वारा अपील भी की जा रही है। जन जागरूकता की कार्यवाही एवं जुर्माने की कार्यवाही भी कर रही है।

नगर आयुक्त ने टीम को मोटिवेट करते हुए शहर को पूर्णत: प्लास्टिक मुक्त बनाने की ठानी हुई है, जिसके अनुसार कार्यवाही तेजी से चल रही है। नगर आयुक्त का कहना है कि प्लास्टिक में ऐसे रसायनों का उपयोग किया जाता है, जिससे जमीन बंजर और भूगर्भीय जल विषैला हो जाता है। इसके अतिरिक्त प्लास्टिक में खाद्य पदार्थों के रखने और लाने व ले जाने से भी उक्त पदार्थों में असर आता है, जिसका सेवन करने से व्यक्ति गंभीर बीमारियों की जकड़ में आ रहे हैं। यदि हम अपने बच्चों के स्वस्थ भविष्य देना चाहते हैं तो सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करना होगा।

उन्होंने दुकानदारों से खुद ही सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने तथा यदि उनके पास सिंगल यूज प्लास्टिक है तो उसको निगम को सौंपने की अपील की। वहीं नगर निगम के अभियान में व्यापारी वर्ग का भी सहयोग निगम को मिला। स्कूलों में भी विद्यार्थियों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। आरंभ 3.0 के क्रम में मार्केट एरिया में जाकर निगम की टीम शहर वासियों और व्यापारियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक बहिष्कार के लिए जागरूक किया जा रहा है।