अवैध होर्डिंगों के खिलाफ नगर निगम ने चलाया अभियान

-विजयनगर जोन से हटाए गए चार यूनिपोल

गाजियाबाद। शहर में अवैध होर्डिंगों को हटाने के लिए नगर निगम ने सोमवार को विशेष अभियान शुरू किया। इस दौरान नगर निगम की टीम द्वारा शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। कहीं पर भी अवैध विज्ञापन और होर्डिंग दिखाई देने पर तुंरत उस पर कार्रवाई की जा रही है। म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार सोमवार को विजयनगर जोन में अवैध यूनिपोल हटाने का विशेष अभियान चलाया गया। जिसके क्रम में विजयनगर पुलिस स्टेशन के सामने, सम्राट चौक, प्रताप विहार तथा नोएडा गेट एंट्री से 20&10 के 4 यूनिपोल हटाए गए।

विजयनगर जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि नियम अनुसार कार्यवाही करते हुए अभियान चलाया गया। अवैध रूप से लगे चार यूनिपोल को हटवाया गया। मौके पर प्रवर्तन बल, पुलिस बल भी साथ रहा, हाइड्रा के माध्यम से बड़े-बड़े यूनि पोल को सावधानी पूर्वक उतार कर गैस कटर के माध्यम से काट कर व्यवस्था अनुसार भिजवाया गया। साथ ही सख्त हिदायत दी जा रही है कि बिना नगर निगम प्रशासन की अनुमति के शहर के किसी भी कोने में कही पर भी विज्ञापन नहीं दिखाई देने चाहिए। उन्होंने बताया नगर निगम की तरफ से अवैध विज्ञापन के खिलाफ अभियान की प्रक्रिया को लेकर जो अभियान चलाया जा रहा है, उसकी वजह से नगर निगम प्रशासन के रेवेन्यू में काफी इजाफा हुआ है।

म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में अवैध रूप से चल रहे कार्यों पर विशेष कार्यवाही चल रही है। जिसके क्रम में अवैध विज्ञापन पर भी कड़ी कार्यवाही निगम द्वारा की जा रही है। महापौर सुनीता दयाल एवं म्युनिसिपल कमिश्नर के निर्देश के क्रम में शहर की स्वच्छता के साथ-साथ सुंदरता का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। प्रतिदिन प्रवर्तन दल द्वारा अवैध रूप से लगे छोटे-छोटे विज्ञापन होल्डिंग को भी हटाने का कार्य प्रमुखता पर चल रहा है।