नगर निगम ने चलाया प्लास्टिक मुक्त अभियान, लोगों को किया जागरूक

-शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लोगों को निभाने होगी जनभागीदारी: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को नगर निगम की टीम ने न केवल अभियान के तहत प्लास्टिक इस्तेमाल करने वालों पर जुर्माने की कार्यवाही की, बल्कि घर-घर जाकर सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार के लिए जन जागरूकता अभियान भी चलाया।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार ने बताया महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार प्लास्टिक बहिष्कार के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसमे पांचो जोन में सार्वजनिक स्थलों पर जाकर शहर वासियों से अपील की जा रही है। आरंभ 3.0 एवं उन्मूलन के बैनर तले एसएमएस की टीम व स्वास्थ्य विभाग मिलकर शहर वासियों को सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के संबंध में अपील करते हुए जागरूक कर रहे हैं। मोहन नगर जोन में विशेष रैली भी निकली गई।

जनप्रतिनिधियों के सहयोग से नगर निगम द्वारा प्लास्टिक मुक्त अभियान में विशेष कार्यवाही कर रहा है। जिसमें उन्मूलन एवं आरंभ 3.0 कार्यक्रम के क्रम में घंटाघर, राजेंद्र नगर, वसुंधरा, प्रताप विहार, संजय नगर, कलेक्ट्रेट, मोहन नगर व कई चौराहे पर जन जागरूकता अभियान भव्य रूप से चलाया गया। व्यापारी वर्ग भी नगर निगम के सहयोग के लिए आगे आया है और स्वयं सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार कर रहा है। चल रहे कार्यक्रमों को देखते हुए व्यापारियों एवं शहर के क्षेत्र वासियों ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का धन्यवाद भी जताया। नवयुग मार्केट से संदीप व्यापारी व तुरब नगर से राजू छाबड़ा द्वारा नगर निगम के कार्यों में सहयोग करते हुए प्लास्टिक मुक्त अभियान की सराहना की। एसएसजी एनजीओ की महिलाओं द्वारा भी निगम को सहयोग मिल रहा है। जिनके द्वारा विद्यार्थियों को भी प्लास्टिक मुक्त अभियान के लिए जागरुक किया जा रहा हैं।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया प्लास्टिक पर्यावरण को प्रदूषित कर रही हैं जिस कारण सड़क, कूड़ेदान नाला और टैंक प्लास्टिक से भरे रहते हैं जो आने वाले पीढिय़ों के लिए समस्या पैदा कर सकते हैं। सख्त निर्देश देते हुए कहा सिंगल यूज प्लास्टिक बैग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्लास्टिक मुक्त अभियान के लिए पहले लोगों को जागरूक किया जा रहा है इसके बावजूद यदि कोई सिंगल यूज प्लास्टिक बैग प्रयोग करता है तो संबंधित व्यक्ति पर जुर्माना लगाने का प्रावधान है इसके अलावा यदि व्यक्ति बार-बार ऐसा करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का भी प्रावधान हैं। नगर निगम की टीम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही लोगों से अपील भी की जा रही है कि घर से निकलते कपड़े का थैला लेकर निकले, जब हम इसकी शुरुआत खुद से करेंगे, तभी अन्य लोगों में भी जागरूकता आएगी।