-घर-घर पहुँचकर साफ-सफाई और वायु गुणवत्ता सुधार को सुनिश्चित करें: विक्रमादित्य सिंह मलिक
-सभी विभागों और सफाई मित्रों के समन्वित प्रयास से सड़कों, ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज से धूल हटाने का व्यापक अभियान, शहरवासियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम वायु गुणवत्ता सुधार के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार महा अभियान चला रहा है। अभियान प्रतिदिन निर्धारित रूट के अनुसार सड़कों से धूल हटाने और पानी का छिड़काव करने के साथ-साथ ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज से भी धूल हटाने का कार्य करता है। महा अभियान प्रात: सात बजे से रात्रि नौ बजे तक जारी रहता है, ताकि पूरे शहर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण रखा जा सके। नगर आयुक्त द्वारा अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को रात्रि में भी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागीय अधिकारियों को सतर्क रहने और कार्य को निरंतर मॉनिटर करने के लिए कहा गया है। अभियान में जलकल विभाग, उद्यान विभाग, स्वास्थ्य विभाग और निर्माण विभाग संयुक्त रूप से भाग ले रहे हैं। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया कि नगर निगम सीमा अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों को शामिल करते हुए साप्ताहिक रोस्टर तैयार किया जाता है।
अभियान के तहत दुहाई से हापुर चुंगी, विवेकानंद नगर कट, डायमंड फ्लाईओवर, एनएच 24, लाल कुआं से मेरठ रोड, राजनगर एक्सटेंशन, मोहन नगर रेड लाइट, यूपी गेट, एलिवेटेड रोड, नागद्वार, भोपुरा चौक और अप्सरा बॉर्डर तक सभी मुख्य मार्गों पर कार्यवाही की जा रही है। इंदिरापुरम क्षेत्र सहित सभी वार्डों में प्रमुख मार्गों से धूल हटाई जा रही है। अभियान में एंटी स्मोक गण, वॉटर स्प्रिंकलर, रोड स्वीपिंग मशीन और अन्य उपकरणों का प्रयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग और सफाई मित्रों द्वारा भी मेहनतपूर्वक धूल हटाने का कार्य किया जा रहा है। जहां मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीन काम कर रही है, वहीं साइड रोड और पैदल पथ से जमी हुई धूल को सफाई मित्रों द्वारा हटाया जा रहा है।
नगर निगम सीमा में लगभग पच्चीस से अधिक मुख्य मार्गों को प्रतिदिन धूल मुक्त किया जा रहा है। पाँचों जोन के अंतर्गत चल रहे अभियान में नगर आयुक्त ने सफाई मित्रों की प्रशंसा की और बताया कि मैकेनाइज्ड स्वीपिंग के साथ-साथ साइड पटरी पर जमी धूल को हटाना अत्यंत सराहनीय कार्य है। नगर आयुक्त ने कहा कि वायु गुणवत्ता सुधार में जन-जन का सहयोग निगम को मिल रहा है। यह अभियान केवल सड़क और मार्गों को साफ करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे शहर में प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। अभियान के निरंतर संचालन से गाजियाबाद में वायु प्रदूषण को कम करने और स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालने की उम्मीद है।

















