-अर्थला में 12 अवैध दुकानों पर गिरी गाज, निगम की करोड़ों की जमीन हुई कब्जा मुक्त
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए सोमवार को अर्थला क्षेत्र में निगम की भूमि पर बनी 12 दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई नगर निगम संपत्ति विभाग द्वारा न्यायालय उपजिलाधिकारी गाजियाबाद के आदेश के तहत की गई। निगम ने बताया कि इन दुकानों को राधा कृष्ण मंदिर के पास खसरा संख्या 1064 की भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया था। कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने लगभग 200 वर्ग मीटर भूमि को कब्जा मुक्त कराया, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। निगम अधिकारियों के मुताबिक, इस जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा था और इसकी शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
मोहन नगर जोनल प्रभारी आरपी सिंह ने संपत्ति अधीक्षक रामशंकर वर्मा, संपत्ति विभाग की टीम और प्रवर्तन दल प्रभारी देवेंद्र चौधरी व प्रवर्तन दस्ते के साथ संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। कार्यवाही में 12 में से आठ दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि बाकी चार दुकानों पर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया आज पूरी की जाएगी। अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया कि महापौर और नगर आयुक्त के निर्देश पर शहरभर में निगम की भूमि को कब्जा मुक्त कराने का अभियान चल रहा है। इसी क्रम में अर्थला क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा करने वालों पर 57 लाख रुपये का क्षतिपूर्ति जुर्माना लगाया गया है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह ने स्पष्ट किया कि शहर हित में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में निगम की भूमि पर कब्जा है, वहां एक-एक करके सभी अवैध निर्माण हटाए जाएंगे और दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि अवैध कब्जे लंबे समय से परेशानी का कारण बने हुए थे। निगम की सख्त कार्रवाई से न केवल भूमि मुक्त हुई है बल्कि यह संदेश भी गया है कि अब गाजियाबाद में किसी को भी अवैध कब्जा करने की इजाज़त नहीं दी जाएगी।
















