नगर निगम के टैक्स वसूली अभियान ने पकड़ा जोर, एक दिन में जमा हुए 1 करोड़ 67 लाख

-सीलिंग की कार्यवाही देख करदाताओं ने जमा किए 20 लाख

गाजियाबाद। रफ्तार पकड़ रही आर्थिक गतिविधियों के बीच नगर निगम के टैक्स वसूली अभियान ने भी जोर पकड़ लिया है। नगर निगम ने बकाया टैक्स वसूलने के लिए जहां राजस्व निरीक्षकों को इधर से उधर कर नए वार्डों में ड्यूटी लगा दी है। वहीं निगम के अमले ने घर-घर दस्तक देते हुए बकाया करदाताओं को संपत्ति, जलकर सहित अन्य कर चुकाने टैक्स बिल थमाने शुरू कर दिए हैं। वहीं बडे बकायेदारों पर शिकंजा कसते हुए नगर निगम ने सीलिंग की कार्यवाही भी तेज कर दी है। नगर निगम की सख्ती का असर है कि सीलिंग की कार्रवाई से बचने के लिए एक दिन में बकायेदारों ने निगम कोष में 20 लाख जमा किए है। इसके अलावा अवकाश के दिनों में भी लोगों की सहूलियत के लिए नगर निगम कैंप लगाकर वसूली कर रहा है। जिसमें 2812228 की वसूली की गई।

सोमवार को 20 लाख के अलावा नगर निगम के पांचों जोन से करीब 1 करोड़ 67 लाख रुपए की वसूली हुई है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा ने बताया सभी जोनल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहे हैं। 5 जनवरी को मोहन नगर जोन द्वारा लगभग 18 लाख की वसूली की गई। कवि नगर जोन द्वारा एक करोड़ 18 लाख की वसूली की गई। वसुंधरा जोन द्वारा 13 लाख 85 हजार की वसूली की गई, इसी क्रम में सिटी जोन के अंतर्गत लगभग 17 लाख की वसूली की गई और विजयनगर जोन के अंतर्गत 1 लाख 93 हजार की वसूली की गई। इस प्रकार नगर निगम के खजाने में एक दिन में एक करोड़ 67 लाख जमा हुए।

कवि नगर जोन के द्वारा बेहतर कार्य किया गया। नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार शहर में कर वसूली को लेकर निगम की रफ्तार दिखाई दे रही है। जोनल प्रभारी में भी अधिक वसूली को लेकर होड़ बनी हुई है। सभी अपने-अपने जोन में योजना बाद तरीके से कार्य कर रहे हैं। नगर आयुक्त की प्लानिंग रंग ला रही है। शहर हित में विकास कार्यों की बाहर लाने के लिए हाउस टैक्स वसूली पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वसुंधरा के अंतर्गत इंदिरापुरम में, विजयनगर के अंतर्गत वार्ड संख्या 25,27,14 व 7 में, मोहन नगर के अंतर्गत श्याम पार्क एक्सटेंशन में, कवि नगर के अंतर्गत लाल कुआं बम्हेटा में, सिटी जोन के अंतर्गत मुकुंद नगर में सीलिंग का अभियान चलाया गया।