नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों का आज होगा चुनाव

– भाजपा, कांग्रेस और बसपा ने कमर कसी

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव आज (मंगलवार) को होगा। कार्यकारिणी चुनाव को लेकर निगम सभागार में होने वाली बैठक हंगामेदार हो सकता है। मेयर आशा शर्मा बुलाई गई कार्यकारिणी बैठक को लेकर कार्यकारिणी सदस्य ही विरोध कर रहे हैं। कार्यकारिणी सदस्य के लिए कांग्रेस ने कांग्रेस पार्षद दल के नेता जाकिर सैफी का नाम फाइनल कर दिया है। मेयर का कहना है कि कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के लिए बैठक सही समय पर बुलाई गई है।
नगर निगम कार्यकारिणी के लिए 6 नए सदस्यों के चयन के लिए चुनाव होगा। नगर निगम अधिकारियों ने कार्यकारिणी सदस्य चुनाव के लिए सभी तैयारी पूर्ण कर ली। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर सदन सचिव एवं अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने चुनाव संबंधी एजेंडा तैयार कर पार्षदों को भिजवा दिया। भाजपा पार्षद राजीव शर्मा का कहना है कि निगम कार्यकारिणी का चुनाव कराने से पहले राय ली जानी चाहिए। महापौर ने ऐसा नहीं किया है, आनन फानन में कार्यकारिणी चुनाव की तारीख घोषित कर दी गई। कार्यकारिणी सदस्य मनोज चौधरी का कहना है कि कार्यकाल खत्म होने से पहले चुनाव कराने का औचित्य ही समझ में नहीं आ रहा है। नगर निगम बोर्ड के गठन से अब तक एक भी बार दिसंबर में चुनाव नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि ऐन वक्त पर चुनाव के बारे में जानकारी होने के कारण कई इच्छुक लोग चुनाव में हिस्सा भी नहीं ले सकेंगे। वहीं, मेयर आशा शर्मा का कहना है कि आज सुबह 11 बजे से नगर निगम कार्यकारिणी से रिटायर होने वाले 6 सदस्यों का चुनाव कराया जाएगा। एक दिसंबर को कार्यकारिणी के 6 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। कार्यकाल पूरा होने के बाद आज नए सदस्यों को चुनने के लिए चुनाव कराया जाएगा। कार्यकारिणी एवं जीडीए बोर्ड सदस्य के चुनाव को लेकर पूर्व में कई बार हंगामा हो चुका है। क्रास वोटिंग एवं पैसे के लेनदेन को लेकर भी हंगामा होता रहा है। एक बार तो सदन में नोटों के कई बंडल सदन में उछाले गये थे। कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव को लेकर पार्षदों द्वारा क्रॉस वोटिंग करने का खतरा है। इसी के चलते भाजपा, कांग्रेस, बसपा ने अपने सदस्यों को व्हिप जारी कर दिया हैं। ताकि आज होने वाले चुनाव में क्रॉस वोटिंग रोकी जा सके। चुनाव में समाजवादी पार्टी के पास वोटरों की कुल संख्या 7 है। इनमें पांच उनके पार्षद हैं और 2 वोट विधान परिषद सदस्यों की हैं, मगर समाजवादी पार्टी चुनाव में अपने प्रत्याशी खड़े नहीं कर रही है। भाजपा की ओर से अभिषेक चौधरी, मीनल रानी, यशपाल पहलवान, हरबीर सिंह के नाम फाइनल कर दिए है। दरअसल, कांग्रेस के 2 सदस्य कार्यकारिणी से रिटायर हो रहे हैं। मगर उसके पास उतने वोट नहीं हैं कि वह अपने कार्यकारिणी में दो नए सदस्यों को चुनाव जिताकर भेज सकें। ऐसे में कांग्रेस ने केवल एक सदस्य को चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। कांगे्रस के कार्यकारिणी से रिटायर होने वाले 2 पार्षद मनोज चौधरी और विनोद शर्मा है। कांग्रेस के पास कुल 15 वोट हैं। कांग्रेस,बसपा सहित कई राजनीतिक दलों की नजर आज होने वाले चुनाव पर गड़ी है। बसपा के पास कुल 16 वोट हैं। ऐसे में बसपा द्वारा एक सदस्य को चुनाव लड़ाने की तैयारी है। लेकिन पार्षदों के टूटने के मामले में बसपा पार्षदों का रिकार्ड सबसे खराब रहा है। ऐसे में आज का चुनाव काफी हंगामेदार हो सकता है।