मोदी के जन्मदिन पर नोएडा में नड्डा

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाने जेपी नड्डा नोएडा पहुंचे, डीएनडी पर भव्य स्वागत हुआ

नोएडा। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सोमवार की सुबह नोएडा पहुंच गए हैं। अब से कुछ देर पहले जेपी नड्डा डीएनडी पर पहुंचे। वहां गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा की अगुवाई में नोएडा भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जगत प्रकाश नड्डा का भव्य स्वागत किया। सैकड़ों लोगों की भीड़ में जेपी नड्डा को फूल माला पहनाकर और गुलदस्ता भेंटकर नोएडा आगमन पर स्वागत किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेपी नड्डा के लिए जोरदार नारेबाजी की गई।

भारतीय जनता पार्टी इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म दिवस पूरे जोर-शोर के साथ मना रही है। सोमवार से पूरे सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसे भारतीय जनता पार्टी ने “सेवा सप्ताह” का नाम दिया है। इसके लिए सोमवार की सुबह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा नोएडा पहुंच गए हैं। जेपी नड्डा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर छपरौली गांव में प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाएंगे। इस मौके पर गांव में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

सोमवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे जेपी नड्डा का आगमन नोएडा डीएनडी पर हुआ। गौतम बुध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जेपी नड्डा का भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 70वें जनमदिन के अवसर पर सेवा सप्ताह आज से शुरू हो रहा है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा, विधायक धीरेंद्र सिंह, तेजपाल सिंह नागर, उत्तर प्रदेश गन्ना शोध संस्थान के चेयरमैन नवाब सिंह नागर और पश्चिम उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल समेत हजारों की संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग ले रहे हैं।