-संभव जनसुनवाई में 32 संदर्भ प्राप्त, नगर आयुक्त ने किया समस्याओं का समाधान
गाजियाबाद। जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को संभव जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जन शिकायतों की सुनवाई और उनका गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करने के लिए प्रत्येक मंगलवार को संभव जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। संभव जनसुनवाई की अध्यक्षता करते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने लोगों की समस्या सुनी। नगर आयुक्त का कहना है कि जनता की समस्याओं से रुबरू होने व उसका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना नगर निगम की प्राथमिकता है। नगर आयुक्त ने पूर्व में शिकायतों के निस्तारण का फीडबैक लिया। संभव जनसुनवाई में 32 संदर्भ प्राप्त हुए। नगर आयुक्त ने जन समस्याओं को सुना। अधिकांश शिकायती पत्र स्वास्थ्य, निर्माण विभाग से प्राप्त हुए।
निर्माण विभाग के 6, डूडा विभाग के 2, स्वास्थ्य विभाग से 6, उद्यान विभाग से 2, प्रकाश विभाग से 2, टैक्स विभाग से 6, पशु चिकित्सा विभाग से 2, जलकल विभाग से 5 और अतिक्रमण संबंधित एक संदर्भ प्राप्त हुआ है। जिस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा शिकायतों के निस्तारण में कोई भी कोताही न बरती जाए। शिकायत का निस्तारण होने के बाद अधिकारी खुद भी इसका फीडबैक लें। ऐसी स्थिति नहीं आनी चाहिए कि निस्तारण की गुणवत्ता खराब होने के कारण उच्च स्तर से शिकायतें पुन: वापस आ जाएं। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ता का पक्ष अवश्य सुना जाए और संदर्भों के निस्तारण के परिणाम से भी शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को प्राप्त संदर्भों पर कार्यवाही करने और कार्यवाही रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जलकल विभाग के प्राप्त संदर्भों पर भी अविलंब कार्यवाही कराई गई। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद और आश कुमार को भी प्राप्त पत्रों के क्रम में स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

















