लापरवाही : जेई सस्पेंड, एसडीओ का तबादला

संविदा कर्मचारी की मौत के बाद कार्रवाई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जनपद वाराणसी में डयूटी के दौरान करंट लगने से संविदा कर्मचारी रोहित बिंद की मौत होने के मामले में विद्युत विभाग ने सख्त कदम उठाया है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी के प्रबंध निदेशक द्वारा गठित जांच कमेटी की संस्तुतियों के आधार पर अवर अभियंता ललित मोहन चतुर्वेदी को निलंबित कर दिया गया है। उप-खंड अधिकारी सिगरा पवन कुमार राय को तत्काल स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रबंधन द्वारा अधिशासी अभियंता बी.के. सिंह, अधीक्षण अभियंता आर.एस. प्रसाद और मुख्य अभियंता मनोज कुमार अग्रवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। उप्र विद्युत मजदूर संगठन एवं विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने इस कार्रवाई पर संतोष जाहिर किया है। महामंत्री आशीष कुमार का कहना है कि कर्मचारियों के हित में संगठन हरसंभव संघर्ष करेगा। बता दें कि वाराणसी के सिगरा में बीते शनिवार को उक्त घटना प्रकाश में आई थी। सिगरा में नगर निगम के प्रधान कार्यालय के पास विद्युत पोल है। दोपहर में विद्युत पोल पर संविदा कर्मचारी रोहित बिंद (30) बिजली की लाइन ठीक कर रहा था। इस बीच तार में करंट प्रवाहित होने से मौके पर रोहित की मौत हो गई थी। हादसे के बाद नागरिकों की सूचना पर सिगरा थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर कर्मचारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। कर्मचारियों का कहना है कि रोहित विद्युत लाइन ठीक करने के लिए शट डाउन लेकर पोल पर चढ़ा था, मगर विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई। इसके लिए लाइन चालू करने वाले की पूरी जिम्मेदारी है। घटना के बाद पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी के प्रबंध निदेशक ने जांच कमेटी गठित की थी। इस कमेटी की संस्तुतियों के आधार पर जेई और एसडीओ पर कार्रवाई की गई है।