नेहरू वर्ल्ड स्कूल का पहला अंतरराष्ट्रीय माध्यमिक परीक्षा परिणाम, शत-प्रतिशत सफलता के साथ ऐतिहासिक उपलब्धि

• अध्ययनशील विद्यार्थियों, समर्पित शिक्षकों और सहयोगी अभिभावकों के सामूहिक प्रयास से विद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रचा सफलता का नया अध्याय

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शास्त्री नगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल ने अपने पहले कैम्ब्रिज अंतरराष्ट्रीय माध्यमिक प्रमाणपत्र परीक्षा (आईजीसीएसई) परिणाम में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। इस परीक्षा में विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों ने उत्तीर्ण होकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणामों के अनुसार, कुल 62 प्रतिशत विद्यार्थियों को ‘कÓ श्रेणी (ए श्रेणी) में अंक प्राप्त हुए, जबकि 97.5 प्रतिशत विद्यार्थियों को ‘कÓ से ‘ग’ श्रेणी (ए से सी श्रेणी) में अंक प्राप्त हुए। यह नतीजे न केवल विद्यार्थियों की लगन और परिश्रम को दर्शाते हैं, बल्कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को भी रेखांकित करते हैं। स्कूल कि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छात्रा अनवी सभरवाल ने सभी सात विषयों में ‘क’ श्रेणी प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और विद्यालय की प्रथम अंतरराष्ट्रीय परीक्षा की शिखरवर्ती बनीं।

द्वितीय स्थान पर रहीं अक्षरा सिंह, जिन्होंने छह विषयों में ‘क’ श्रेणी प्राप्त की। गौरी सिंह ने पाँच विषयों में ‘कÓ श्रेणी प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यालय की कार्यकारी प्रमुख (एक्जीक्यूटिव हेड) सुश्री सुसन होम्स ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे पहले अंतरराष्ट्रीय माध्यमिक परीक्षा के बैच द्वारा प्राप्त की गई यह असाधारण सफलता हमारे विद्यार्थियों की मेहनत और हमारे शिक्षकों की अटल निष्ठा का प्रतिफल है। यह परिणाम यह प्रमाणित करता है कि हमारा विद्यालय वैश्विक स्तर की शिक्षा प्रदान करने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। अंतरराष्ट्रीय माध्यमिक प्रमाणपत्र परीक्षा (आईजीसीएसई) एक विश्व-मान्य शिक्षण प्रणाली है जिसे वैश्विक मान्यता प्राप्त है। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल अकादमिक ज्ञान देता है, बल्कि उन्हें तार्किक सोच, समस्याओं को सुलझाने की क्षमता और स्वतंत्र निर्णय लेने की योग्यता भी प्रदान करता है।

इस परीक्षा प्रणाली को 160 से अधिक देशों में स्वीकार किया जाता है। निदेशक डॉ. अरुणाभ सिंह ने कहा कि नेहरू वल्र्ड स्कूल के पहले अंतरराष्ट्रीय माध्यमिक परीक्षा परिणाम ने यह साबित कर दिया है कि हमारी शिक्षण प्रणाली न केवल अकादमिक उत्कृष्टता पर केंद्रित है, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास को भी प्राथमिकता देती है। यह सफलता हमारे विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों की दूरदृष्टि और अभिभावकों के निरंतर समर्थन का सुफल है। इस परिणाम से यह स्पष्ट है कि हमारा विद्यालय नयी शिक्षा नीति और वैश्विक शिक्षा मानकों के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करने में पूरी तरह सक्षम है। हम सभी विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हैं और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हैं।

शिक्षा में उत्कृष्टता की ओर अग्रसर
नेहरू वर्ल्ड विद्यालय की यह पहली अंतरराष्ट्रीय परीक्षा में प्राप्त सफलता न केवल एक सुनहरे भविष्य की ओर इशारा करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि विद्यालय नयी पीढ़ी को वैश्विक स्तर की शिक्षा प्रदान करने में अग्रसर है। यह उपलब्धि आने वाले विद्यार्थियों को प्रेरणा देगी तथा विद्यालय की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाएगी।