-इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल्स संगठन की पहल से क्षेत्र में शुरू हुआ गीले कूड़े से खाद बनाने का अभियान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी क्षेत्र में स्वच्छता की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल्स संगठन द्वारा एस.ओ.आर.टी. योजना के तहत आधुनिक एरोबिन प्रणाली की स्थापना की गई। इस कार्यक्रम के तहत कैलाश टावर और त्रिशूल टावर में सोमवार को पांच अत्याधुनिक एरोबिन का शुभारंभ भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर डॉ. गोयल ने कहा कि गीले कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण की दिशा में यह एरोबिन प्रणाली एक बड़ा कदम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करें, पॉलिथीन का प्रयोग बंद करें और कचरे को गीला एवं सूखा अलग-अलग डालने की आदत डालें। डॉ. गोयल ने कहा कि कौशांबी में आवारा पशु एक बड़ी समस्या बन चुके हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया कि गायों को रोटी खिलाने की धार्मिक भावना का सम्मान रखते हुए सड़कों पर खाना न फेंकें, क्योंकि इससे न केवल गंदगी फैलती है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि हमें अपनी धार्मिक भावनाओं को स्वच्छता और जिम्मेदारी के साथ जोडऩा होगा, तभी हम वास्तव में एक स्वच्छ और सुरक्षित समाज बना सकेंगे।
कार्यक्रम में संस्था की प्रमुख सदस्य मनीषा ने नाटक के माध्यम से जागरूकता फैलाते हुए बताया कि गीले और सूखे कूड़े को कैसे अलग-अलग करना चाहिए और किस प्रकार एरोबिन से कुछ महीनों में जैविक खाद तैयार की जा सकती है। यह अभियान न केवल कूड़े के निस्तारण में सहायक होगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक अनुकरणीय पहल साबित होगा। इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल्स संगठन की ओर से बताया गया कि कौशांबी में इस योजना की शुरुआत शिवालिक टावर से की गई थी और अब इसे क्षेत्र के अन्य टावरों में भी विस्तार दिया जा रहा है।
संस्था का उद्देश्य हर आवासीय परिसर में एरोबिन लगाकर गीले कूड़े को खाद में बदलना है, ताकि नगर निगम पर भार कम हो और स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को कपड़े के थैले वितरित किए गए ताकि वे प्लास्टिक मुक्त अभियान में सहयोग कर सकें। कार्यक्रम में कैलाश मानसरोवर टावर से आर.के. धर, केवल सेठी, उषा अग्रवाल, जगमोहन शर्मा, लक्ष्मीकांत चानना, राहुल वर्मा, गौरव वर्मा, अजय गुप्ता, विजय कुमार, राजेंद्र सेठी, प्रमोद पब्बी, राजीव कुमार और संजय महेश्वरी सहित क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि यह अभियान केवल सफाई का नहीं, बल्कि जनजागरण और जिम्मेदारी का संदेश है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक अगर अपने आस-पास को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी ले, तो नगर निगम पर भार भी घटेगा और हमारा शहर गाजियाबाद स्वच्छता की मिसाल बनेगा। कौशांबी में एरोबिन की यह स्थापना न सिर्फ गीले कूड़े के निस्तारण का समाधान है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत भी है।
















