-जाम से मिलेगी राहत, आवासीय सोसाइटियों को मिलेगा बढ़ावा, अंतिम चरण में टेंडर प्रक्रिया
-सिर्फ एक सड़क नहीं, विकास की धमक है जीडीए की योजना
-नई रिहायशी सोसाइटियों का रास्ता होगा साफ, मिलेगा सस्ती और सुनियोजित आवासीय सुविधा
-नूरनगर गांव बना प्रेरणा की मिसाल, किसानों ने दिखाई एकजुटता, दिया विकास का साथ
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद अब शहरी विकास के नक्शे पर एक नई ऊंचाई की ओर आत्मविश्वास से बढ़ रहा है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अतुल वत्स के नेतृत्व में राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में बहुआयामी विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम उठाया गया है। उनकी रणनीतिक सोच और ज़मीन से जुड़ी कार्यशैली के परिणामस्वरूप अब क्षेत्र में 24 मीटर चौड़ी और 435 मीटर लंबी एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और हाईटेक सड़क का निर्माण शुरू कर दिया गया है। यह सड़क न केवल प्रस्तावित कमिश्नरेट ऑफिस को जोड़ते हुए क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, बल्कि राजनगर एक्सटेंशन की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने वाली साबित होगी। यह परियोजना श्री वत्स की नेतृत्व क्षमता और जीडीए की कार्यकुशलता का प्रतीक बनकर उभर रही है, जो गाजियाबाद को एक स्मार्ट और उन्नत शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक अहम मील का पत्थर है।
यह मार्ग मेरठ तिराहे पर लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम को कम करेगा और दिल्ली से आने-जाने वाले लाखों यात्रियों को एक वैकल्पिक एवं सुगम मार्ग प्रदान करेगा। इसके अलावा, यह रोड आउटर रिंग रोड से कनेक्ट होकर राष्ट्रीय स्तर पर कनेक्टिविटी को भी मजबूत बनाएगी। जीडीए अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जमीन का भौतिक निरीक्षण भी कर लिया है। इस रोड के बनने से आसपास कई बहुमंजिला आवासीय सोसाइटियों के निर्माण का रास्ता खुलेगा। इससे आम जनता को बेहतर, सुनियोजित और आधुनिक आवास की सुविधा मिल सकेगी। यह पूरी परियोजना क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन की बुनियाद रखेगी।
सबसे प्रेरणादायक पहलू यह है कि वंधा रोड से नूरनगर और राजनगर एक्सटेंशन को जोड़ने वाली नई सड़कों (18 और 24 मीटर चौड़ी) के लिए नूरनगर गांव के सभी किसानों ने बिना किसी विवाद के अपनी जमीन देने के लिए सहमति पत्र दे दिया है। यह एक ऐसा दुर्लभ उदाहरण है, जो पूरे उत्तर प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बन सकता है। जीडीए ने अब टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। यह रोड स्थानीय लोगों के लिए केवल एक सुविधा नहीं बल्कि उनके भविष्य की दिशा तय करने वाली आधारशिला साबित होगी।

जीडीए उपाध्यक्ष
राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। हम इस क्षेत्र को एक आदर्श शहरी मॉडल के रूप में विकसित करना चाहते हैं, जहाँ आवागमन, आवास और आधारभूत संरचना- तीनों का समन्वित विकास सुनिश्चित हो। 24 मीटर चौड़ी और 435 मीटर लंबी यह जोनल रोड न केवल ट्रैफिक के दबाव को कम करेगी, बल्कि आसपास की कई रिहायशी परियोजनाओं को भी गति देगी। यह सड़क क्षेत्र की कनेक्टिविटी को दिल्ली, मेरठ और आउटर रिंग रोड से जोड़कर एक नए युग की शुरुआत करेगी। नूरनगर गांव के सभी किसानों ने बिना किसी विवाद के विकास में भागीदारी की मिसाल पेश की है। यह सहभागिता दर्शाती है कि जब प्रशासन और जनता मिलकर कार्य करें, तो हर लक्ष्य संभव हो सकता है। हमारा लक्ष्य सिर्फ सड़क बनाना नहीं है, बल्कि एक ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहाँ हर नागरिक को बेहतर जीवन, सुविधाएं और अवसर मिल सकें। प्राधिकरण इसी सोच के साथ कार्य कर रहा है, और भविष्य में भी गाजियाबाद को स्मार्ट और सस्टेनेबल शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष
















